Bharat Express DD Free Dish

दिल्ली पुलिस की बड़ी कार्रवाई: CJP प्रदर्शन से पहले गिरफ्तार हुए यूट्यूबर ध्रुव राठी

करोड़ों फॉलोअर्स वाले यूट्यूबर ध्रुव राठी को दिल्ली पुलिस ने उनके गुरुग्राम आवास से हिरासत में ले लिया है. वह CJP प्रदर्शन में शामिल होने आए थे. पिछले दिनों वह बॉलीवुड हस्तियों और फिल्मों पर तीखी टिप्पणियों को लेकर चर्चा में रहे हैं.

Youtuber Dhruv Rathi Detained By Delhi Police From Gurgaon Residence CJP Protest

देश के चर्चित और करोड़ों फॉलोअर्स वाले यूट्यूबर ध्रुव राठी को लेकर बड़ी खबर सामने आ रही है. दिल्ली पुलिस ने ध्रुव राठी को उनके गुरुग्राम स्थित आवास से हिरासत में ले लिया है. यह कार्रवाई तब की गई जब वह मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन में शामिल होने जा रहे थे.

अपनी तीखी और बेबाक टिप्पणियों के लिए पहचाने जाने वाले ध्रुव राठी पिछले कुछ समय से लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं. हाल के दिनों में उनके कई ऐसे वीडियो और बयान सामने आए हैं, जिन्होंने फिल्म इंडस्ट्री और सोशल मीडिया पर बड़ा विवाद खड़ा कर दिया था.

एक्टर प्रकाश राज के साथ आए थे नजर

कुछ समय पहले बेंगलुरु के फ्रीडम पार्क में एक बड़े राजनीतिक विरोध प्रदर्शन के दौरान ध्रुव राठी बॉलीवुड और साउथ फिल्मों के मशहूर अभिनेता प्रकाश राज के साथ एक ही मंच पर नजर आए थे. इस प्रदर्शन के दौरान दोनों ने तीखे अंदाज में सरकार विरोधी नारे लगाए थे. इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर फिल्म जगत के एक धड़े और नेटिजन्स ने उनकी जमकर आलोचना की थी.

अभिनेत्रियों के ब्यूटी स्टैंडर्ड्स पर उठाया सवाल

दिसंबर 2025 में ध्रुव राठी ने बॉलीवुड सेलेब्स की कॉस्मेटिक सर्जरी और ब्यूटी स्टैंडर्ड्स को लेकर एक वीडियो जारी किया था. इस वीडियो के थंबनेल और कंटेंट में उन्होंने जाह्नवी कपूर, दीपिका पादुकोण, प्रियंका चोपड़ा और अनुष्का शर्मा जैसी दिग्गज अभिनेत्रियों की ‘बिफोर एंड आफ्टर’ तस्वीरें इस्तेमाल की थीं. इसके बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने उन पर अभिनेत्रियों को व्यक्तिगत रूप से टारगेट करने और उन्हें ट्रोल करने का गंभीर आरोप लगाया था.

‘धुरंधर’ और ‘द कश्मीर फाइल्स’ पर छिड़ी थी बहस

ध्रुव राठी ने अभिनेता रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर’ के ट्रेलर की तीखी आलोचना करते हुए इसमें दिखाए गए अत्यधिक हिंसक दृश्यों को समाज के लिए हानिकारक बताया था और सेंसर बोर्ड से इस पर गौर करने की मांग की थी.

इसके अलावा, निर्देशक विवेक अग्निहोत्री की फिल्म ‘द कश्मीर फाइल्स’ की रिलीज के दौरान भी उन्होंने फिल्म के दावों पर सवाल खड़े किए थे, जिसके बाद निर्देशक और यूट्यूबर के बीच सोशल मीडिया पर लंबा वाकयुद्ध छिड़ गया था.

कंगना रनौत के साथ पुराना विवाद भी काफी चर्चा में रहा था, जब बीएमसी द्वारा एक्ट्रेस का ऑफिस गिराए जाने के मामले में दोनों आमने-सामने आ गए थे. फिलहाल, उनकी इस ताजा हिरासत के बाद सियासी गलियारों और सोशल मीडिया पर चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है.

यह भी पढ़ें: अजमेर में खाकी और काले कोट की भिड़ंत! फिक CO पर वकील को थप्पड़ मारने का आरोप, VIDEO VIRAL

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read