Bharat Express DD Free Dish

रात में कूड़ा फेंककर भाग रहा था शख्स, CCTV के माइक से आई ऐसी आवाज- युवक जमीन से उठाने लगा कचरा

Greater Noida Viral Video: ग्रेटर नोएडा के बीटा-1 सेक्टर का कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें सड़क किनारे कूड़ा फेंकने वाले शख्स को माइक से चेतावनी दी जाती है. कैमरे में रिकॉर्ड होने और चालान कटने की बात सुनकर शख्स वापस लौटता है और अपना फेंका हुआ कूड़ा उठा लेता है.

Greater Noida Viral Video

Greater Noida Viral Video

Greater Noida Viral Video: देशभर में स्वच्छता को लेकर जागरूकता अभियान चलाए जाते हैं, लेकिन कुछ लोग अब भी सड़कों और सार्वजनिक जगहों पर कचरा फेंकने से बाज नहीं आते. ऐसे ही एक शख्स का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. कथित तौर पर ग्रेटर नोएडा के बीटा-1 सेक्टर का बताए जा रहे इस वीडियो में सड़क किनारे कूड़ा फेंकने वाले व्यक्ति को माइक से ऐसी चेतावनी मिलती है कि वह तुरंत वापस आकर अपना कचरा उठाने लगता है.

रात में कूड़ा फेंकने पहुंचा शख्स

वायरल वीडियो में रात करीब 10 बजकर 14 मिनट का समय दिखाई देता है. सड़क पर ज्यादा चहल-पहल नहीं है. इसी दौरान एक शख्स कचरे से भरी पन्नी लेकर आता है और सड़क किनारे दीवार के पास फेंककर जाने लगता है. उसे लगता है कि रात के अंधेरे में उसकी इस हरकत को कोई नहीं देख रहा है, लेकिन उसकी पूरी गतिविधि कैमरे में रिकॉर्ड हो जाती है.

‘ओ भाई, इधर आओ और कूड़ा उठाओ’

जैसे ही शख्स कूड़ा फेंककर आगे बढ़ता है, अचानक पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम से आवाज आती है, ‘ओ भाई, इधर आओ… कूड़ा क्यों डाला वहां? कूड़ा यहां से उठाओ.’ अचानक आवाज सुनकर शख्स हैरान रह जाता है. वह रुककर इधर-उधर देखने लगता है. आसपास कोई व्यक्ति नजर नहीं आता, ऐसे में उसे समझ नहीं आता कि उसे कौन बुला रहा है.

यह भी पढ़ें: 23 घंटे हिरासत के बाद CJP के तीनों नेता रिहा, कोर्ट ने किन शर्तों पर दी राहत?

चालान की चेतावनी मिलते ही वापस लौटा

जब शख्स तुरंत कूड़ा नहीं उठाता, तो माइक से दोबारा चेतावनी दी जाती है, ‘सुबह चालान कटेगा आपका, सर आ गए आप कैमरे में… कूड़ा उठाओ वहां से भाई.’ इसके बाद शख्स वापस उसी जगह पहुंचता है, जहां उसने कचरे की पन्नी फेंकी थी. वह नीचे झुककर कूड़ा उठाता है और उसे अपने साथ लेकर वहां से चला जाता है. वीडियो का यही हिस्सा सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींच रहा है.

सोशल मीडिया पर हो रही तारीफ

बताया जा रहा है कि शख्स को स्मार्ट CCTV कैमरों और पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम के जरिए टोका गया. हालांकि, वीडियो से यह स्पष्ट नहीं है कि कैमरे का संचालन किस विभाग द्वारा किया जा रहा था और शख्स का चालान काटा गया या नहीं. वीडियो पर कई यूजर्स ने इस व्यवस्था की तारीफ की है. लोगों का कहना है कि सार्वजनिक जगहों पर गंदगी फैलाने वालों को तुरंत टोकने से ऐसी घटनाओं पर रोक लग सकती है. यह वीडियो एक अहम संदेश भी देता है कि शहर को साफ रखना सिर्फ प्रशासन और सफाई कर्मचारियों की जिम्मेदारी नहीं है. हर नागरिक को भी अपनी जिम्मेदारी समझनी चाहिए और सार्वजनिक जगहों पर कूड़ा फेंकने से बचना चाहिए.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read