सीएम योगी के खिलाफ अयोध्या से चुनाव लड़ेंगे अखिलेश यादव
UP Elections 2027: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव में अभी वक्त है, लेकिन सियासी बयानबाजी ने माहौल गर्म करना शुरू कर दिया है. अयोध्या विधानसभा सीट को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) के बीच शुरू हुई चुनौती में अब कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर (OP Rajbhar) भी शामिल हो गए हैं. राजभर ने अखिलेश यादव को सीधे अयोध्या से चुनाव लड़ने की चुनौती दे दी है. उन्होंने कहा कि जब योगी आदित्यनाथ इस सीट से चुनाव लड़ने के लिए तैयार हैं, तो अखिलेश यादव को भी सामने आना चाहिए.
राजभर बोले- अयोध्या से लड़ें अखिलेश यादव
अंबेडकर नगर में मीडिया से बातचीत के दौरान ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि योगी आदित्यनाथ ने अखिलेश यादव की चुनौती स्वीकार कर ली है. अब समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष को भी अपना रुख साफ करना चाहिए और अयोध्या से उनके खिलाफ नामांकन दाखिल करना चाहिए.
राजभर ने यह भी कहा कि अगर अखिलेश यादव अयोध्या से चुनाव लड़ने में हिचकिचाते हैं, तो वह जहूराबाद आकर चुनाव लड़ सकते हैं. उनके मुताबिक, यहां अखिलेश यादव को एनडीए गठबंधन की ताकत और अपनी राजनीतिक स्थिति का अंदाजा लग जाएगा. राजभर के इस बयान के बाद अयोध्या सीट को लेकर जारी सियासी बहस और तेज हो गई है.
#WATCH | Ambedkar Nagar, Uttar Pradesh: On Akhilesh Yadav’s challenge to CM Yogi, UP Minister Om Prakash Rajbhar says, “… Yogi Ji is ready to contest from Ayodhya if Akhilesh Yadav is also willing to contest there. If Akhilesh Yadav has any political sense, he should accept the challenge. Yogi Adityanath Ji has accepted his challenge, so Akhilesh Yadav should step forward and file his nomination against him. If he is afraid to contest in Ayodhya, let him come to Zahoorabad. Akhilesh Ji will then realise the strength of the NDA alliance and where he stands.”
— ANI (@ANI) October 11, 2026
कैसे शुरू हुई योगी-अखिलेश के बीच चुनौती?
इस पूरे मामले की शुरुआत 8 अक्टूबर को हुई, जब अखिलेश यादव अयोध्या पहुंचे थे. यहां उन्होंने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा था कि पार्टी अयोध्या सीट से अपना उम्मीदवार तय नहीं कर पा रही है. उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को चुनौती दी कि अगर उन्हें अपनी जीत पर इतना भरोसा है, तो उन्हें खुद अयोध्या से विधानसभा चुनाव लड़ना चाहिए.
अखिलेश यादव ने यह भी कहा था कि समाजवादी पार्टी इस सीट से अपना उम्मीदवार पहले ही घोषित कर चुकी है. पार्टी ने तेज नारायण पांडेय उर्फ पवन पांडेय को मैदान में उतारा है. ऐसे में उन्होंने बीजेपी से भी अपना रुख स्पष्ट करने को कहा था.
ये भी पढ़ें: ‘तो हो जाए अयोध्या में फैसला’, सीएम योगी ने स्वीकार की अखिलेश यादव की चुनौती
योगी ने भी दी थी सीधी चुनौती
अखिलेश यादव के बयान पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 10 अक्टूबर को बलरामपुर की जनसभा में जवाब दिया. उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव अयोध्या से अपना नामांकन दाखिल करें, वह भी वहां से नामांकन करेंगे. योगी के इस बयान को दोनों नेताओं के बीच सीधी चुनावी चुनौती के तौर पर देखा जा रहा है.
मुख्यमंत्री ने अयोध्या को आस्था और विकास की भूमि बताते हुए कहा कि उनका वहां जाना राजनीति के लिए नहीं, बल्कि विकास के कार्यों के लिए होता है. इस दौरान उन्होंने समाजवादी पार्टी पर भी निशाना साधा.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


