वैशाली नाव हादसे में अधिकारियों पर गिरी गाज
Bihar Boat Accident: बिहार के वैशाली जिले से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली खबर सामने आई है. यहाँ हाल ही में हुए एक भीषण नाव हादसे में 13 लोगों की जान चली गई, जिसके बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है. इस हृदयविदारक घटना पर देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी गहरा शोक व्यक्त किया है. दूसरी तरफ, जिला प्रशासन ने इस मामले में कड़ा रुख अपनाते हुए बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई शुरू कर दी है.
राष्ट्रपति मुर्मू ने जताया दुख
वैशाली नाव हादसे की खबर मिलते ही राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर अपनी गहरी संवेदनाएं प्रकट कीं. उन्होंने लिखा कि वैशाली जिले में हुई इस दुर्घटना में बच्चों की मौत की खबर बेहद दुखद है. राष्ट्रपति ने शोक-संतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की ईश्वर से कामना की है.
प्रशासन का कड़ा एक्शन
हादसे के बाद लापरवाही बर्दाश्त न करते हुए वैशाली की डीएम वर्षा सिंह ने सख्त कदम उठाया है. प्रशासन ने राघोपुर के एसएचओ (SHO) अवधेश कुमार और सीओ (CO) दीपक कुमार को शो-कॉज नोटिस जारी किया है. यह कार्रवाई मुख्य रूप से रात के समय अवैध और निजी नावों के संचालन को लेकर की गई है. अधिकारियों को चेतावनी दी गई है कि अगर उनका जवाब संतोषजनक नहीं मिला, तो उनके खिलाफ तुरंत निलंबन और विभागीय कार्रवाई की जाएगी. साथ ही, इस पूरे हादसे की तह तक जाने के लिए डीएम ने एक विशेष जाँच कमेटी का गठन कर दिया है, जो अपनी रिपोर्ट सौंपेगी.
ये भी पढे़ं- ‘600 फीट गहरे बोरवेल से भी पानी की एक बूंद नहीं’ महाराष्ट्र के नंदुरबार में सूखे से उजड़ रहे किसानों के खेत
पीड़ित परिवारों को आर्थिक मदद
प्रशासन की तरफ से मृतकों के परिजनों के लिए मुआवजे का ऐलान भी किया गया है. हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की सहायता राशि दी गई है. इसके अलावा, अंतिम संस्कार के लिए कबीर अंत्येष्टि योजना के तहत भी तुरंत वित्तीय सहायता मुहैया कराई गई है. रात के वक्त इस तरह के लापरवाह नाव संचालन ने एक बार फिर से सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


