Jashpur child selling case: जशपुर/योगेश यादव: छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले से मानवता को शर्मसार कर देने वाला एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है. जशपुर के कुनकुरी थाना क्षेत्र में एक मां ने महज पैसों की खातिर अपनी ममता का सौदा कर डाला. आरोपी मां यशोदा यादव पर रुपए के लालच में अपने 9 महीने के मासूम बच्चे को 1 लाख 80 हजार रुपए में पश्चिम बंगाल के एक व्यक्ति को बेचने का गंभीर आरोप लगा है.
कुनकुरी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पश्चिम बंगाल से बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया है और इस रैकेट में शामिल मां समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.
क्या है पूरा मामला? (mother sells child for money in jashpur)
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, ब्लॉक कॉलोनी कुनकुरी निवासी प्रार्थिया लक्ष्मी बाई ने थाने में मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई थी. प्रार्थिया के पुत्र शंकर चौहान को उसके पिता की मृत्यु के बाद अनुकंपा नियुक्ति मिली थी और शंकर चौहान, यशोदा यादव के साथ रहता था. यशोदा यादव ने 18 दिसंबर 2025 को एक बच्चे को जन्म दिया था, जिसे साजिश के तहत मार्च 2026 में बेच दिया गया.
जांच में सामने आया कि यशोदा यादव ने सुकरू आलम उर्फ बंगाली के माध्यम से पश्चिम बंगाल निवासी शेख अलविन को इस मासूम बच्चे को 1 लाख 80 हजार रुपए में सौदा करके सौंप दिया था. प्रार्थिया की शिकायत पर कुनकुरी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए किशोर न्याय अधिनियम की धारा 81 और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की.
पुलिस ने पश्चिम बंगाल से किया रेस्क्यू (human trafficking jashpur)
मामले की गंभीरता को देखते हुए कुनकुरी पुलिस की एक विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पश्चिम बंगाल में दबिश दी. पुलिस ने सकुशल बच्चे को अपने संरक्षण में ले लिया. बरामद किए गए बच्चे की वर्तमान उम्र करीब 9 से 10 महीने है. पुलिस ने इस खरीद-फरोख्त में शामिल मां यशोदा यादव सहित कुल पांच आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर लिया है और सभी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


