Bharat Express DD Free Dish
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital

अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की मांग तेज, इंडिया गेट पर माता-पिता से मिले राहुल और प्रियंका गांधी

Ankita Bhandari Case: अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की मांग को लेकर इंडिया गेट पर धरना दे रहे उनके माता-पिता से राहुल गांधी और प्रियंका गांधी मिले.

Demand for justice for Ankita Bhandari intensifies.

अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की मांग तेज

Ankita Bhandari Case: अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की मांग और दुष्यंत गौतम को सिक्किम का राज्यपाल बनाए जाने के विरोध में अंकिता के माता-पिता दिल्ली के इंडिया गेट पर धरना दे रहे हैं. इस दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी उनसे मिलने पहुंचे.

वहां पहुंचने के बाद दोनों नेता सीधे अंकिता के माता-पिता के पास जाकर बैठे और उनका हालचाल जाना. साथ ही परिवार को सांत्वना देते हुए उनके संघर्ष में समर्थन का भरोसा भी दिया.

2022 में सामने आया था चर्चित हत्याकांड

अंकिता भंडारी हत्याकांड ने वर्ष 2022 में पूरे देश का ध्यान अपनी ओर खींचा था. मामले को लेकर लगातार न्याय की मांग उठती रही है. इसी साल फरवरी में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस केस की सीबीआई जांच कराने की सिफारिश की थी.

हालांकि जांच प्रक्रिया को लेकर परिवार की ओर से लगातार सवाल उठाए जाते रहे. करीब आठ महीने बाद हाल ही में सीबीआई के दो अधिकारी पौड़ी जिले में स्थित अंकिता के गांव पहुंचे और उनके माता-पिता से कई घंटे तक बातचीत कर जानकारी जुटाई.

दुष्यंत गौतम के नाम को लेकर बढ़ा विवाद

अंकिता के परिजन और कांग्रेस लंबे समय से इस मामले में दुष्यंत गौतम का नाम उठाते रहे हैं. उनका आरोप है कि हत्याकांड से जुड़े कथित वीआईपी की भूमिका पर अब भी पूरी तरह से स्थिति साफ नहीं हुई है.

चार दिन बाद नहर से मिला था शव

19 वर्षीय अंकिता भंडारी ऋषिकेश के नजदीक स्थित वनंत्रा रिजॉर्ट में रिसेप्शनिस्ट के रूप में काम करती थीं. 18 सितंबर 2022 को उनकी हत्या कर दी गई थी.

घटना के चार दिन बाद उनका शव चीला नहर से बरामद हुआ था. इस मामले की जांच के बाद रिजॉर्ट संचालक पुलकित आर्य और उसके सहयोगियों सौरभ भास्कर तथा अंकित गुप्ता को दोषी करार दिया गया. अदालत ने तीनों को उम्रकैद की सजा सुनाई है.

ऑडियो क्लिप वायरल होने के बाद फिर चर्चा में आया मामला

पिछले वर्ष दिसंबर में यह केस एक बार फिर सुर्खियों में आ गया था. इसकी वजह कुछ कथित ऑडियो क्लिप थे, जो सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे.

इन ऑडियो में पूर्व भाजपा विधायक सुरेश राठौर और खुद को उनकी पत्नी बताने वाली अभिनेत्री उर्मिला सनावर के बीच बातचीत होने का दावा किया गया था. ऑडियो सामने आने के बाद कथित वीआईपी की पहचान और उसकी भूमिका को लेकर राजनीतिक बहस फिर तेज हो गई.

सीबीआई जांच की मांग को लेकर हुए कई प्रदर्शन

अंकिता हत्याकांड की जांच केंद्रीय एजेंसी से कराने की मांग को लेकर कांग्रेस समेत कई राजनीतिक दलों और सामाजिक संगठनों ने समय-समय पर विरोध प्रदर्शन किए.

इन आंदोलनों में अंकिता के माता-पिता भी सक्रिय रूप से शामिल हुए. लगातार बढ़ते दबाव और जनभावनाओं को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने परिवार से मुलाकात की थी. इसके बाद मामले की सीबीआई जांच की सिफारिश की गई थी.

ये भी पढ़ें-‘नीला ड्रम बना खौफ’… सौरभ हत्याकांड में मुस्कान-साहिल को क्यों हुई फांसी? कोर्ट ने बताईं 5 बड़ी वजहें

न्याय की लड़ाई जारी

अंकिता भंडारी के माता-पिता का कहना है कि उनकी लड़ाई सिर्फ अपनी बेटी के लिए न्याय पाने तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे सच को सामने लाने के लिए भी है. इसी मांग को लेकर वे अब दिल्ली में धरने पर बैठे हैं. वहीं, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की मुलाकात के बाद इस मुद्दे को लेकर राजनीतिक हलचल और तेज होने की संभावना जताई जा रही है.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Kanya Sumangla Mission Shakti Digital