Bharat Express DD Free Dish
Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital
Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital

महाराजा अग्रसेन कॉलेज में मनोज तिवारी का युवाओं को संदेश, बोले- जीवन मूल्यों और कौशल के साथ तय करें सफलता की राह

दिल्ली विश्वविद्यालय के महाराजा अग्रसेन कॉलेज में छात्रसंघ शपथ ग्रहण समारोह के दौरान सांसद मनोज तिवारी ने युवाओं को जीवन मूल्यों, कौशल और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया.

Manoj Tiwari's message to the youth

मनोज तिवारी का युवाओं को संदेश

दिल्ली विश्वविद्यालय के वसुंधरा एन्क्लेव स्थित महाराजा अग्रसेन कॉलेज में आयोजित छात्रसंघ शपथ ग्रहण समारोह में लोकसभा सांसद मनोज तिवारी ने विद्यार्थियों से संवाद किया. इस दौरान उन्होंने युवाओं को जीवन में नैतिक मूल्यों को अपनाने और समर्पण के साथ अपने लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ने की सलाह दी. उन्होंने कहा कि देश की प्रगति में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है और उनकी सकारात्मक भागीदारी के बिना विकसित भारत का सपना पूरा नहीं किया जा सकता.

सोशल मीडिया के जिम्मेदार उपयोग पर दिया जोर

कार्यक्रम के दौरान सांसद ने युवाओं को सोशल मीडिया का सही और रचनात्मक उपयोग करने की सीख दी. उन्होंने कहा कि छात्रों को भ्रामक जानकारियों और अफवाहों से बचना चाहिए तथा डिजिटल प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल समाज और राष्ट्र के हित में करना चाहिए. मनोज तिवारी ने कहा कि आज की युवा पीढ़ी देश की सबसे बड़ी ताकत है और उसे जिम्मेदारी के साथ अपनी भूमिका निभानी चाहिए.

यमुना स्वच्छता अभियान में शामिल होने की अपील

छात्रों को संबोधित करते हुए सांसद ने 18 अक्टूबर 2026 को आयोजित होने वाले यमुना स्वच्छता अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की. उन्होंने कहा कि स्वच्छ पर्यावरण और साफ नदियां समाज की साझा जिम्मेदारी हैं. इसके साथ ही उन्होंने महाविद्यालय में छात्रों के लिए जल्द से जल्द एनसीसी बटालियन शुरू कराने का भरोसा भी दिया.

प्राचार्य ने उद्यमिता को बताया बेहतर विकल्प

कॉलेज के प्राचार्य प्रो. संजीव कुमार तिवारी ने विद्यार्थियों को रोजगार तलाशने तक सीमित न रहने और उद्यमिता के क्षेत्र में अवसर खोजने के लिए प्रेरित किया. उन्होंने कहा कि युवा अपनी प्रतिभा और नवाचार के दम पर देश को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा सकते हैं. उन्होंने छात्रसंघ चुनावों को लोकतांत्रिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा बताते हुए विद्यार्थियों को सक्रिय नागरिक बनने की प्रेरणा दी.

विवेकानंद के संदेश से प्रेरणा लेने की सलाह

अपने संबोधन में प्राचार्य ने स्वामी विवेकानंद के प्रसिद्ध संदेश “उठो, जागो और लक्ष्य प्राप्त होने तक मत रुको” का उल्लेख करते हुए छात्रों को निरंतर प्रयास करने का संदेश दिया. उन्होंने कहा कि यही सोच युवाओं को सफलता की ओर ले जाती है.

नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने ली शपथ

समारोह के मुख्य अतिथि मनोज तिवारी ने छात्रसंघ के नवचयनित पदाधिकारियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई. शपथ लेने वालों में अध्यक्ष निहारिका यादव, उपाध्यक्ष प्रियांशी त्यागी, महासचिव शालिक यादव, संयुक्त सचिव सिद्धार्थ शर्मा, समाज कल्याण सचिव नेहा और महिला विकास सचिव मुस्कान गोयल शामिल रहीं.

बड़ी संख्या में मौजूद रहे छात्र और शिक्षक

कार्यक्रम में कॉलेज के चुनाव अधिकारी प्रो. अमित पुंडीर, प्रो. मुकेश अग्रवाल, प्रो. गीतिका सक्सेना और प्रो. गीतांजली चावला सहित कई वरिष्ठ शिक्षक उपस्थित रहे. आयोजन की जिम्मेदारी छात्र सलाहकार समिति की संयोजिका प्रो. ऋतु कोहली और उनकी टीम ने संभाली.

इसके अलावा शिक्षकों, गैर-शिक्षण कर्मचारियों और बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने भी कार्यक्रम में हिस्सा लिया.

ये भी पढ़ें-KAUMARACON 2026: AIIA में जुटेंगे दुनिया भर के विशेषज्ञ, बच्चों के स्वास्थ्य पर होगा मंथन; उपराष्ट्रपति करेंगे उद्घाटन

भजन गायन के साथ हुआ समापन

समारोह का संचालन डॉ. इंद्राणी दास गुप्ता ने किया. कार्यक्रम के अंत में कॉलेज की सेप्ट्यून सोसायटी के विद्यार्थियों ने भजन प्रस्तुत किया, जिसके साथ पूरे आयोजन का समापन हुआ. कार्यक्रम में छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और नवगठित छात्रसंघ का स्वागत किया.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital