Bharat Express DD Free Dish
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital

सिर्फ इतने रनों की दूरी और टूट जाएगा दुनिया भर का रिकॉर्ड! मंधाना के इस धमाके पर टिकी सबकी निगाहें

Indian Cricket Team: भारतीय कप्तान स्मृति मंधाना टी20 इंटरनेशनल में 5,000 रन पूरे करने से सिर्फ 133 रन दूर हैं. जिम्बाब्वे सीरीज में यह ऐतिहासिक कारनामा करने वाली वह दुनिया की पहली खिलाड़ी बन सकती हैं.

जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 सीरीज में स्मृति मंधाना 5,000 रन बनाने वाली दुनिया की पहली खिलाड़ी बन सकती हैं.

Indian Cricket Team: भारतीय महिला क्रिकेट टीम की नई-नवेली नियमित कप्तान स्मृति मंधाना जिम्बाब्वे के खिलाफ शुरू हो रही तीन मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज में एक ऐसा ऐतिहासिक कीर्तिमान स्थापित कर सकती हैं, जो आज तक दुनिया का कोई भी क्रिकेटर (महिला या पुरुष) नहीं बना पाया है. रायपुर में खेली जाने वाली इस सीरीज में मंधाना के पास क्रिकेट इतिहास के सबसे बड़े मुकाम को हासिल करने का सुनहरा मौका है.

स्मृति मंधाना जिम्बाब्वे के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज के दौरान टी20 इंटरनेशनल में 5,000 रन पूरे करने वाली दुनिया की पहली खिलाड़ी बन सकती हैं. 4,867 रन बना चुकीं मंधाना को इस ऐतिहासिक आंकड़े को छूने के लिए सिर्फ 133 रनों की दरकार है. वह पहले से ही महिला टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज हैं और अब पुरुष खिलाड़ियों को भी पीछे छोड़ते हुए नया कीर्तिमान बनाने के बेहद करीब हैं.

5,000 रन पूरे करने के लिए मंधाना को चाहिए सिर्फ 133 रन

स्मृति मंधाना अगर जिम्बाब्वे के खिलाफ इस 3 मैचों की टी20 सीरीज में कुल 133 रन बना लेती हैं, तो वह टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट इतिहास में 5,000 रन पूरे करने वाली दुनिया की पहली खिलाड़ी बन जाएंगी. मंधाना इस समय शानदार फॉर्म में चल रही हैं और सलामी बल्लेबाज के रूप में उतरती हैं, इसलिए इस सीरीज में उनके इस बड़े आंकड़े तक पहुंचने की पूरी संभावना जताई जा रही है.

कप्तानी की नई पारी और शानदार टी20 करियर

हाल ही में भारतीय टीम की नियमित कप्तान बनाई गईं स्मृति मंधाना की पूर्णकालिक कप्तान के रूप में यह पहली सीरीज है. बाएं हाथ की इस विस्फोटक ओपनर ने साल 2013 में पदार्पण के बाद से अब तक 179 टी20 मैचों की 172 पारियों में 4,867 रन बनाए हैं, जिसमें 2 शतक और 37 अर्धशतक शामिल हैं. वह महिला टी20 इंटरनेशनल में पहले से ही सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज हैं.

सूजी बेट्स और हरमनप्रीत कौर को छोड़ा पीछे

महिला टी20 इंटरनेशनल में मंधाना के बाद दूसरे स्थान पर न्यूजीलैंड की दिग्गज सूजी बेट्स हैं, जिन्होंने 186 मैचों में 4,758 रन बनाए हैं. वहीं, हाल ही में कप्तानी छोड़ने वाली भारत की स्टार ऑलराउंडर हरमनप्रीत कौर 210 मैचों में 4,346 रनों के साथ तीसरे स्थान पर मौजूद हैं.

पुरुष क्रिकेट में भी कोई नहीं पहुंच पाया 5,000 रन के करीब

पुरुष टी20 इंटरनेशनल में भी अब तक कोई खिलाड़ी 5,000 रनों के आंकड़े के पास नहीं पहुंच सका है. पुरुषों में पाकिस्तान के बाबर आजम 145 मैचों में 4,596 रनों के साथ शीर्ष पर हैं. इंग्लैंड के जोस बटलर (4,384 रन) दूसरे, भारत के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा (4,231 रन) तीसरे और विराट कोहली (4,188 रन) चौथे स्थान पर हैं. ऐसे में मंधाना के पास पुरुष और महिला दोनों वर्गों को पछाड़कर इतिहास रचने का मौका है.

यह भी पढ़ें-सूर्या का रिकॉर्ड ‘धुआं-धुआं’! अभिषेक शर्मा बने T20 के नए ‘सिक्सर किंग’, जानें कौन किस नंबर पर?

-भारत एक्सप्रेस 



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Kanya Sumangla Mission Shakti Digital