Bharat Express DD Free Dish
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital

गाजियाबाद में 22 अक्टूबर से गूंजेगा ‘जय भवानी, जय शिवाजी’: विश्व के सबसे बड़े महानाट्य ‘जाणता राजा’ का राजनाथ सिंह करेंगे उद्घाटन

दिव्य प्रेम सेवा मिशन के तत्वावधान में 22 से 28 अक्टूबर 2026 तक गाजियाबाद के सनसिटी में छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन पर आधारित विश्व के सबसे बड़े महानाट्य ‘जाणता राजा’ का सजीव मंचन होने जा रहा है. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह करेंगे उद्घाटन. पढ़ें पूरी खबर.

jaanta-raja-ghaziabad

उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद स्थित सनसिटी (NH-24) में 22 अक्टूबर से राष्ट्रचेतना, वीरता और सांस्कृतिक गौरव की ऐतिहासिक गूंज सुनाई देगी. दिव्य प्रेम सेवा मिशन, हरिद्वार के तत्वावधान में छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन पर आधारित विश्व के सबसे बड़े ऐतिहासिक महानाट्य ‘जाणता राजा’ का भव्य मंचन 22 से 28 अक्टूबर 2026 तक होने जा रहा है. इस महामंचन का औपचारिक उद्घाटन देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह द्वारा मुख्य अतिथि के रूप में किया जाएगा.

उद्घाटन समारोह में जूना अखाड़े के आचार्य महामंडलेश्वर पूज्य स्वामी अवधेशानंद गिरि जी महाराज का पावन आशीर्वाद मिलेगा. इसके साथ ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के अखिल भारतीय संपर्क प्रमुख रामलाल जी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे. भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन सहित राजनीति, न्याय और समाज के कई गणमान्य व्यक्ति भी इस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बनेंगे. ‘भारत एक्सप्रेस’ इस भव्य सांस्कृतिक आयोजन का आधिकारिक मीडिया पार्टनर है.

गाजियाबाद से शिवाजी महाराज का पावन संबंध

कार्यक्रम स्थल सनसिटी में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए दिव्य प्रेम सेवा मिशन के अध्यक्ष डॉ. आशीष गौतम (भैया जी) ने गाजियाबाद में आयोजन का ऐतिहासिक महत्व स्पष्ट किया. उन्होंने बताया कि 16वीं सदी में मुगल शासक औरंगजेब की कैद (आगरा) से निकलने के बाद छत्रपति शिवाजी महाराज सबसे पहले गाजियाबाद स्थित ऐतिहासिक श्री दूधेश्वर नाथ महादेव मठ पहुंचे थे.

भैया जी बोले-

“शिवाजी महाराज ने दूधेश्वर नाथ मठ में ही विशेष यज्ञ व हवन किया था और यहीं से अखंड हिंदवी स्वराज्य की स्थापना का अमर संकल्प लिया था. वे 6 जून 1674 को छत्रपति बने, लेकिन उसके स्वराज्य का बीज इसी पावन भूमि पर बोया गया था. इसीलिए गाजियाबाद में इस महानाट्य का मंचन होना अपने आप में गौरव की बात है.”

‘जेन ज़ी को अपसंस्कृति से बचाना जरूरी’

डॉ. आशीष गौतम ने वर्तमान वैश्विक और घरेलू परिदृश्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि कुछ ताकतें और राजनीतिक तत्व आज देश की युवा पीढ़ी यानी ‘जेन ज़ी’ (Gen Z) को भ्रमित करने में लगे हैं. उन्होंने बांग्लादेश, नेपाल, सीरिया और लीबिया के हालातों पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे दौर में युवाओं को छत्रपति शिवाजी महाराज, राजमाता जीजाबाई और समर्थ गुरु रामदास के संस्कारों व आदर्शों से जोड़ना अनिवार्य है, ताकि वे विदेशी अपसंस्कृति के प्रभाव से बच सकें.

250 कलाकार, हाथी-घोड़े और किलों की भव्य प्रतिकृतियां

  • भव्य मंचन: सात दिवसीय इस आयोजन में प्रतिदिन शाम 4:30 बजे से लगातार चार घंटे तक सजीव मंचन प्रस्तुत किया जाएगा.
  • ऐतिहासिक दृश्य: नाटक में 250 कुशल कलाकार भाग लेंगे. मंच पर हाथी, घोड़े, ऊंट, असली तोपों, तलवारों और पारंपरिक शस्त्रों के साथ युद्ध के दृश्यों को सजीव रूप दिया जाएगा.
  • किलों का निर्माण: मंच पर छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन से जुड़े ऐतिहासिक किलों—सिंहगढ़, प्रतापगढ़ और रायगढ़ की विशाल प्रतिकृतियां बनाई गई हैं.
  • रुद्राभिषेक अनुष्ठान: आयोजन की सफलता के लिए कार्यक्रम स्थल पर निर्मित ‘शिव अवतरण मंडपम्’ में शारदीय नवरात्रि के प्रथम दिन से ही निरंतर रुद्राभिषेक किया जा रहा है, जो 28 अक्टूबर तक अनवरत चलेगा.

देश भर के शीर्ष संतों, मुख्यमंत्रियों और राज्यपालों का जमावड़ा

सात दिनों तक चलने वाले इस महोत्सव में पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, निरंजनी अखाड़े के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानंद गिरि, स्वामी रामदेव, आचार्य बालकृष्ण, स्वामी चिदानंद मुनि, सतुआ बाबा, अखाड़ा परिषद के महामंत्री महंत रवींद्र पुरी और अयोध्या के संत मिथिलेश नंदिनी शरण महाराज जैसी विभूतियां शामिल होंगी.

इसके अलावा झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार, तेलंगाना के राज्यपाल शिवप्रताप शुक्ला, अंडमान-निकोबार के उपराज्यपाल दिनेश शर्मा, सांसद अनुराग ठाकुर, विधायक रघुराज प्रताप सिंह (राजा भैया) और महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार भी कार्यक्रम में सम्मिलित होंगी.

आयोजकों के मुताबिक, दिल्ली-एनसीआर, पश्चिमी यूपी, उत्तराखंड और हरियाणा से प्रतिदिन करीब 15 हजार से अधिक दर्शकों के जुटने का अनुमान है. प्रेस वार्ता में आयोजन समिति के अध्यक्ष डॉ. राजेश गुप्ता, संयोजक विनय चौधरी, महामंत्री दीपक शर्मा, डॉ. संजय चतुर्वेदी, राघवेंद्र सिंह और मीडिया प्रभारी रघुवीर रिछारिया प्रमुख रूप से उपस्थित रहे.

गाजियाबाद में 22 अक्टूबर से महानाट्य ‘जाणता राजा’: राजनाथ सिंह करेंगे उद्घाटन, भारत एक्सप्रेस बना मीडिया पार्टनर



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Kanya Sumangla Mission Shakti Digital