Raihan Vadra Bikaner House Controversy: राजधानी दिल्ली के बीकानेर हाउस में कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा और उद्योगपति रॉबर्ट वाड्रा के बेटे, विजुअल आर्टिस्ट व फोटोग्राफर रेहान वाड्रा की सोलो फोटो प्रदर्शनी ‘नो आइडिया इज फाइनल’ को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है. प्रदर्शनी के उद्घाटन से महज कुछ घंटे पहले बीकानेर हाउस प्रबंधन ने कथित तौर पर सख्त रुख अपनाते हुए विरोध-प्रदर्शनों से जुड़ी 70 से अधिक तस्वीरों को हटाने का फरमान जारी कर दिया. प्रशासन ने इसे ‘राजनीतिक सामग्री’ और अपनी ‘पॉलिसी का उल्लंघन’ बताया.
इस मामले में रेहान वाड्रा और उनके पिता रॉबर्ट वाड्रा ने खुलकर अपनी बात रखी है. वहीं मां प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी बेटे की रचनात्मक अभिव्यक्ति का समर्थन करते हुए इसे युवा कलाकारों की आवाज दबाने की कोशिश करार दिया है.
रेहान वाड्रा ने लगाए धमकी के आरोप (No Idea Is Final Exhibition Raihan Vadra)
प्रदर्शनी के आयोजक और फोटोग्राफर रेहान वाड्रा ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि उनका शो शाम 7 बजे शुरू होना था, लेकिन उद्घाटन से कुछ घंटे पहले दोपहर 3:30 बजे उन्हें एक नोटिस थमाया गया. रेहान के अनुसार, उन्होंने प्रदर्शनी का पूरा लेआउट और तस्वीरों की पीडीएफ फाइल एक हफ्ते पहले ही प्रबंधन को सौंप दी थी. उस दौरान किसी भी तस्वीर पर कोई आपत्ति दर्ज नहीं कराई गई.
शो शुरू होने से 24 घंटे पहले संपर्क किया गया और अगले दिन दोपहर में बीकानेर हाउस के प्रिंसिपल रेजिडेंट कमिश्नर और डिप्टी रेजिडेंट कमिश्नर ने मौके पर आकर कहा कि पहली मंजिल की लगभग 70-74 तस्वीरें हटानी होंगी. दोपहर 3:30 बजे नोटिस भेजकर कहा गया कि यदि शाम 5 बजे तक तस्वीरें नहीं हटाई गईं, तो बिल्डिंग को सील कर दिया जाएगा और एग्जिबिशन रद्द कर दी जाएगी.
हटाई गईं तस्वीरें क्या थीं? (Raihan Vadra Indian Flag Photos Bikaner House)
हटाई गई अधिकांश तस्वीरें पिछले साल दिल्ली में छात्रों और युवाओं द्वारा किए गए नागरिक आंदोलनों व विरोध-प्रदर्शनों (Street Photography) पर आधारित थीं. रेहान ने स्पष्ट किया कि उन्होंने पहले ही राजनीतिक दलों और नेताओं के सीधे चेहरों वाली तस्वीरें हटा दी थीं.
रेहान ने बताया कि प्रबंधन ने भारतीय राष्ट्रीय ध्वज (तिरंगे) वाली दो तस्वीरों को भी हटाने के लिए कहा. उन्होंने प्रबंधन से लिखित में कारण मांगा और तिरंगे की तस्वीर हटाने से साफ इनकार कर दिया. हालांकि, बाद में एक तस्वीर को कथित तौर पर हटा दिया गया, जबकि एक फ्रेम वहीं लगा रहा. 105 में से बचीं महज 40 तस्वीरें: इस व्यापक विरोध और जबरन हटाए जाने के बाद 105 तस्वीरों की इस प्रदर्शनी में अब केवल लगभग 40 तस्वीरें ही प्रदर्शित हो सकी हैं.
मुझे अपने बेटे पर गर्व है- रॉबर्ट वाड्रा (Robert Vadra on Raihan Vadra Photo Exhibition)
बेटे के साथ हुए इस घटनाक्रम पर उद्योगपति रॉबर्ट वाड्रा ने बीकानेर हाउस प्रशासन की कार्यशैली की कड़ी निंदा की. उन्होंने कहा कि
“रेहान पिछले 6-7 वर्षों से फोटोग्राफी और एग्जिबिशन कर रहा है. वह बेहद संजीदा और संवेदनशील कलाकार है. उसने पूरे प्रोटोकॉल का पालन करते हुए एक हफ्ते पहले ही सारा कंटेंट सौंप दिया था. प्रशासन के पास आपत्ति जताने के लिए पूरा एक हफ्ता था, लेकिन उद्घाटन से ठीक दो घंटे पहले यह कहना कि वे इन तस्वीरों से ‘कंफर्टेबल’ नहीं हैं, पूरी तरह गलत है. मुझे गर्व है कि मेरा बेटा तिरंगे और अपनी रचनात्मक अभिव्यक्ति के लिए डटकर खड़ा रहा.”
रॉबर्ट वाड्रा ने कहा कि युवा कलाकारों के अपने विचार और दृष्टिकोण होते हैं, जो समाज की सच्चाई को दर्शाते हैं. उन्होंने सवाल उठाया कि क्या अब लोकतांत्रिक देश में अपनी कला को प्रदर्शित करने से पहले भी प्रशासनिक दबाव झेलना पड़ेगा?
अभिव्यक्ति की आजादी पर सवाल
रेहान वाड्रा ने बीकानेर हाउस जैसे सार्वजनिक सांस्कृतिक संस्थानों की जिम्मेदारी पर जोर देते हुए कहा कि बीकानेर हाउस, त्रावणकोर पैलेस जैसे सार्वजनिक संस्थान सिर्फ रेस्तरां नहीं हैं, वे कलाकारों, गैलरी और क्यूरेटरों के दम पर टिके हैं. इन संस्थानों को अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का सम्मान करना होगा. किसी की पसंद-नापसंद के आधार पर कला पर रोक लगाना गलत है.
ये भी पढ़ें: कौन हैं हासी देवी? जिनके नाम पर राष्ट्रपति ने जारी किया 200 रुपये का सिक्का
मां प्रियंका गांधी वाड्रा (Priyanka Gandhi On Raihan Vadra Exhibition) द्वारा सोशल मीडिया पर खुलकर समर्थन करने पर रेहान ने कहा कि वे खुशकिस्मत हैं कि उनका पूरा परिवार इस अन्याय के खिलाफ उनके साथ मजबूती से खड़ा है. कांग्रेस सांसद कार्ति चिदंबरम और भारतीय युवा कांग्रेस (IYC) के नेताओं ने भी इस घटना को कलात्मक स्वतंत्रता पर हमला बताया है. दूसरी ओर, बीकानेर हाउस प्रशासन की ओर से नोटिस में इसे परिसर के आंतरिक नियमों और ‘अराजनीतिक डिस्प्ले’ की नीति का उल्लंघन बताया गया था.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.






