राजनीति की दुनिया में शांत और कम बोलने वाली कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी ने आखिरकार सोशल मीडिया पर कदम रख ही लिया है. उन्होंने पहली बार अपना इंस्टाग्राम अकाउंट बनाया है और अपने इस नए सफर की शुरुआत एक बहुत ही खास खुशखबरी के साथ की है. सोनिया ने अपने अकाउंट पर एक वीडियो शेयर करते हुए अपनी आने वाली नई किताब ‘Belonging: A Journey of Love’ की पहली झलक साझा की है. यह बहुप्रतीक्षित आत्मकथा आगामी 10 नवंबर को लॉन्च होने जा रही है.
वीडियो में नजर आईं बेटी प्रियंका गांधी
सोशल मीडिया पर शेयर किए गए इस वीडियो में सोनिया गांधी अपने बेहद करीबी लोगों और बेटी प्रियंका गांधी के साथ नजर आ रही हैं. इस दौरान का एक प्यारा सा पल भी कैमरे में कैद हुआ, जिसमें प्रियंका गांधी अपनी मां सोनिया को बड़े प्यार से मिठाई खिलाती हुई दिखाई दे रही हैं.
वीडियो के साथ कैप्शन में सोनिया ने लिखा, ‘नमस्कार सभी को, आप सभी के साथ इस पल को साझा करते हुए मुझे बहुत खुशी हो रही है… यह प्यार, कर्तव्य, नुकसान और अपनापन खोजने की कहानी है.’
कैंब्रिज की प्रेम कहानी से लेकर राजनीतिक सफर
यह किताब सिर्फ एक राजनीतिक संस्मरण नहीं है, बल्कि सोनिया गांधी के निजी जीवन के कई अनछुए पहलुओं को बयां करती है. इस आत्मकथा की शुरुआत इटली के वेनेटो क्षेत्र में उनके बचपन के दिनों से होती है. इसके बाद किताब में उनके कैंब्रिज जाने और साल 1965 में देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के पोते राजीव गांधी से पहली मुलाकात का बेहद खूबसूरत जिक्र है.
इसके साथ ही, किताब में नेहरू-गांधी परिवार में उनकी शादी, भारत की संस्कृति को अपनाने के संघर्ष जैसे साड़ी पहनना, हिंदी सीखना और खानपान ढालने के अनुभव शामिल हैं. हालांकि, इसमें उन भयानक त्रासदियों का भी दर्द झलकता है जिन्होंने इस परिवार की दुनिया को पूरी तरह बदल दिया. जैसे संजय गांधी की विमान हादसे में मौत, 1984 में इंदिरा गांधी की हत्या और 1991 में राजीव गांधी का निधन.
पति राजीव गांधी की शहादत के बाद लंबे समय तक राजनीति से दूर रहीं सोनिया ने बाद में पार्टी को संभालने के लिए कमान अपने हाथ में ली. साल 2004 में यूपीए की जीत के बाद प्रधानमंत्री पद ठुकराने और मनमोहन सिंह को देश की कमान सौंपने जैसे बड़े राजनीतिक फैसलों की झलक भी इस किताब में देखने को मिलेगी. 10 नवंबर को आने वाली यह आत्मकथा पाठकों के बीच खासी उत्सुकता जगा रही है.
यह भी पढ़ें: दिल्ली में जुटेंगे BRICS देशों के संसदीय नेता, जन-केंद्रित विकास से AI तक के मुद्दों पर होगा मंथन
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


