PHQ Notice To IPS Ankita Sharma: रायपुर/प्रियंका कौशल: छत्तीसगढ़ के पुलिस महकमे से चर्चाओं में बनी खबर सामने आ रही है. राजनांदगांव जिले की पुलिस अधीक्षक (SP) और चर्चित महिला आईपीएस अधिकारी अंकिता शर्मा का विजयादशमी के अवसर पर हथियार चलाने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. इस वीडियो के सामने आने के बाद सुरक्षा मानकों और पुलिस की गरिमा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं, जिसके चलते छत्तीसगढ़ पुलिस मुख्यालय ने मामले पर कड़ा रुख अपनाते हुए स्पष्टीकरण तलब किया है.
क्या है पूरा मामला? (Ankita Sharma Aerial Firing Video Case)
जानकारी के अनुसार, विजयादशमी के पावन पर्व पर पुलिस लाइन में पारंपरिक रूप से शस्त्र पूजा का आयोजन किया गया था. इस पूजा-अर्चना में एसपी अंकिता शर्मा ने भी हिस्सा लिया था. आरोप है कि पूजा संपन्न होने के बाद आईपीएस अधिकारी ने साड़ी पहने हुए ही आधुनिक स्वचालित हथियार AK-47 राइफल से कथित तौर पर हवाई (हर्ष) फायरिंग की. किसी ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जिसके बाद यह मामला तूल पकड़ गया.
जवाब के बाद होगी कार्रवाई (Ankita Sharma Aerial Firing Controversy)
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया है. राजनांदगांव रेंज के महानिरीक्षक (IG) अजय यादव ने मीडिया को जानकारी दी कि वायरल वीडियो और उस पर मिल रही प्रतिक्रियाओं को देखते हुए पुलिस मुख्यालय की ओर से नोटिस जारी किया गया है.
ये भी पढ़ें: इमरजेंसी में सांड..! चेकअप या चाहिए आयुष्मान कार्ड? महोबा अस्पताल VIDEO वायरल
आईजी ने स्पष्ट किया कि एसपी अंकिता शर्मा की ओर से जो भी जवाब प्रस्तुत किया जाएगा, उसे उच्च अधिकारियों यानी पुलिस मुख्यालय को भेजा जाएगा और उसके पश्चात नियमानुसार आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी. फिलहाल, नोटिस जारी होने के बाद से राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में इस बात पर निगाहें टिकी हैं कि एसपी की तरफ से क्या जवाब सामने आता है.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




