Bharat Express DD Free Dish
Pension Mission Shakti Digital
Pension Mission Shakti Digital

संजय गुप्ता के निधन से फिल्म इंडस्ट्री में शोक, सितारों ने भावुक होकर दी श्रद्धांजलि

फिल्ममेकर संजय गुप्ता के अचानक निधन से बॉलीवुड में शोक की लहर दौड़ गई है. सुनील शेट्टी, जॉन अब्राहम, सोनू सूद, तुषार कपूर और कई अन्य सितारों ने सोशल मीडिया पर भावुक पोस्ट शेयर कर उन्हें श्रद्धांजलि दी.

Bollywood mourns the death of filmmaker Sanjay Gupta

फिल्ममेकर संजय गुप्ता के निधन से बॉलीवुड में शोक

फिल्ममेकर संजय गुप्ता के असमय निधन की खबर ने बॉलीवुड को गहरे सदमे में डाल दिया है. उनके जाने की सूचना मिलते ही फिल्म जगत से जुड़े कलाकारों, संगीतकारों और सहयोगियों ने सोशल मीडिया पर दुख जताना शुरू कर दिया. सुनील शेट्टी, जॉन अब्राहम, शेखर रवजियानी, सोनू सूद, तुषार कपूर, नील नितिन मुकेश, पूजा भट्ट, रणवीर शौरी और राहुल ढोलकिया समेत कई नामचीन हस्तियों ने उन्हें याद करते हुए अपने अनुभव साझा किए.

मुंबई स्थित घर में हुआ निधन

जानकारी के मुताबिक 30 अक्टूबर को संजय गुप्ता का मुंबई स्थित उनके आवास पर निधन हो गया. बताया जा रहा है कि घर में अचानक गिरने की वजह से उनके सिर में गंभीर चोट लगी थी. घटना के बाद उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके. मामले को लेकर वर्सोवा पुलिस ने एक्सीडेंटल डेथ रिपोर्ट (ADR) दर्ज की है और पूरे घटनाक्रम की जांच जारी है.

सुनील शेट्टी ने साझा की भावुक यादें

संजय गुप्ता के निधन पर अभिनेता सुनील शेट्टी ने सोशल मीडिया पर एक ब्लैक एंड व्हाइट तस्वीर पोस्ट की. उन्होंने लिखा कि वह अब भी इस खबर पर विश्वास नहीं कर पा रहे हैं. सुनील ने बताया कि दोनों ने साथ में कई फिल्मों पर काम किया, कई यादगार पल बिताए, घंटों चर्चा की और जीवन के कई खूबसूरत अनुभव साझा किए. उन्होंने लिखा कि कभी कल्पना भी नहीं की थी कि उन्हें संजय के लिए इस तरह श्रद्धांजलि लिखनी पड़ेगी. अंत में उन्होंने कहा कि उनकी कमी हमेशा महसूस होगी.

‘कांटे’ और ‘जिंदा’ की यादों में डूबे शेखर रवजियानी

सिंगर और म्यूजिक कंपोजर शेखर रवजियानी ने भी संजय गुप्ता को याद करते हुए अपना दुख व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि उनके साथ कई यादगार फिल्मों में काम करने का अवसर मिला. शेखर के मुताबिक, संजय गुप्ता अपने दौर से काफी आगे की सोच रखने वाले फिल्ममेकर थे. उन्होंने ‘कांटे’, ‘मुसाफिर’ और ‘जिंदा’ जैसी फिल्मों की यादों को साझा करते हुए कहा कि उनका जाना बेहद दुखद है और यह समय उनके जाने का नहीं था.

जॉन अब्राहम ने तस्वीर के जरिए दी श्रद्धांजलि

अभिनेता जॉन अब्राहम ने भी सोशल मीडिया पर संजय गुप्ता के साथ अपनी एक पुरानी तस्वीर पोस्ट की. फोटो में दोनों मोटरसाइकिल पर बैठे दिखाई दे रहे हैं. तस्वीर के साथ जॉन ने भावुक संदेश लिखते हुए कहा कि उन्हें उम्मीद है कि अब संजय कहीं बेहतर जगह पर अपनी यात्रा जारी रखे हुए होंगे. दोनों ने अपने करियर में कई प्रोजेक्ट्स पर साथ काम किया था.

तुषार कपूर ने बताया बेहद खास इंसान

तुषार कपूर ने संजय गुप्ता को अपना पसंदीदा निर्देशक बताते हुए लंबा भावुक संदेश लिखा. उन्होंने कहा कि सुबह-सुबह यह खबर सुनकर उन्हें गहरा झटका लगा. तुषार के अनुसार, जिंदगी कितनी अनिश्चित हो सकती है, इसका अहसास ऐसे समय में होता है. उन्होंने कहा कि संजय गुप्ता उन लोगों में से थे जो जीवन को पूरी ऊर्जा और जुनून के साथ जीना जानते थे. साथ ही उन्होंने परिवार के लिए संवेदना भी प्रकट की.

सोनू सूद को याद आए सेट के दिन

अभिनेता सोनू सूद ने भी संजय गुप्ता के साथ अपनी यादों को साझा किया. उन्होंने उनकी तस्वीर पोस्ट करते हुए लिखा कि उनके साथ बिताया हर पल हमेशा याद रहेगा. सोनू ने कहा कि शूटिंग के दौरान बिताए गए दिन उनके दिल के बेहद करीब रहेंगे और वह हमेशा उन्हें याद करते रहेंगे.

नील नितिन मुकेश ने जताया गहरा दुख

नील नितिन मुकेश ने संजय गुप्ता को बेहद प्रभावशाली और प्रतिभाशाली फिल्ममेकर बताते हुए श्रद्धांजलि दी. उन्होंने कहा कि इस खबर ने उन्हें हैरान और दुखी दोनों कर दिया है. नील के मुताबिक, इंडस्ट्री में संजय गुप्ता का सम्मान किया जाता था और उन्हें लोगों का भरपूर प्यार मिला. उन्होंने कहा कि उनका जाना फिल्म जगत के लिए बड़ी क्षति है.

ये भी पढ़ें-अंतरराष्ट्रीय प्रयागराज फिल्म फेस्टिवल 2026 का भव्य शुभारंभ, फिल्म संस्कृति और साहित्य के संगम का साक्षी बना प्रयाग; प्रदर्शनी में छाई ‘कवन कसूर’

पूजा भट्ट ने भी किया याद

अभिनेत्री पूजा भट्ट ने भी सोशल मीडिया पर संजय गुप्ता को याद करते हुए छोटा लेकिन भावुक संदेश साझा किया. उन्होंने लिखा कि संजय बहुत जल्दी इस दुनिया को छोड़कर चले गए. उनके शब्दों में यह दर्द साफ झलक रहा था कि फिल्म इंडस्ट्री ने एक महत्वपूर्ण और रचनात्मक व्यक्तित्व खो दिया है. संजय गुप्ता के निधन के बाद पूरे बॉलीवुड में शोक का माहौल है और उनके साथ काम कर चुके लोग लगातार अपनी यादें साझा कर रहे हैं.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Pension Mission Shakti Digital