Noida Encounter 50k Reward Gangster: राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) में अपराधियों के खिलाफ पुलिस का कड़ा रुख जारी है. नोएडा में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई एक सनसनीखेज मुठभेड़ में 50 हजार रुपये का इनामी कुख्यात गैंगस्टर अमन उर्फ माया त्यागी मारा गया. पुलिस के साथ हुई भीषण गोलीबारी में उसे कई गोलियां लगीं, जिसके बाद बेहद नाजुक हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने इलाज के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया.
सेक्टर-126 में हुई पुलिस और बदमाश की मुठभेड़
यह एनकाउंटर नोएडा के थाना सेक्टर-126 इलाके में हुआ. नोएडा पुलिस और जिले की क्राइम रिस्पांस टीम (CRT) ने गुप्त सूचना के आधार पर संयुक्त रूप से यह घेराबंदी की थी. खुद को घिरता देख बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में वह गंभीर रूप से घायल हो गया. अमन उर्फ माया त्यागी लंबे समय से ग्रेटर नोएडा के बादलपुर थाने से वांटेड चल रहा था और पुलिस लगातार उसकी तलाश में दबिश दे रही थी.
यह भी पढ़ें: टेक्नोलॉजी के सहारे बदलेगा गांवों का विकास, 58 हजार पंचायतें मिलकर तैयार करेंगी विकसित यूपी का ब्लूप्रिंट
अनिल दुजाना और रणदीप भाटी सिंडिकेट का था खास गुर्गा
जांच एजेंसियों के मुताबिक, ढेर हुआ बदमाश अमन उर्फ माया त्यागी पश्चिमी उत्तर प्रदेश के खूंखार क्रिमिनल सिंडिकेट रणदीप भाटी और दिवंगत अनिल दुजाना गैंग का बेहद सक्रिय सदस्य था. वह इन गिरोहों के लिए रंगदारी, सुपारी किलिंग और आपराधिक नेटवर्क संभालने का काम करता था. उस पर कई संगीन आपराधिक मामले दर्ज थे. नोएडा पुलिस और सीआरटी अब इस एनकाउंटर से जुड़े बाकी साक्ष्यों की कानूनी प्रक्रिया पूरी करने में जुटी हैं.
यह भी पढ़ें: दीपावली पर काशी को योगी सरकार की बड़ी सौगात, दिल्ली के लिए शुरू हुई देश की दूसरी वंदे भारत स्लीपर ट्रेन
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



