Patiala House Court: नई दिल्ली बार एसोसिएशन (NDBA) द्वारा पटियाला हाउस कोर्ट परिसर में आयोजित वार्षिक दीपावली उत्सव इस वर्ष न्यायपालिका के इतिहास में एक नई मिसाल बन गया. यह पहला अवसर रहा जब बार और बेंच ने मिलकर संयुक्त रूप से दीपोत्सव का आयोजन किया. समारोह में सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश जस्टिस मनमोहन और जस्टिस संजीव सचदेवा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि दिल्ली हाई कोर्ट के न्यायाधीश—जस्टिस अवनीश झिंगन, जस्टिस मनमीत प्रीतम सिंह अरोड़ा, जस्टिस ओ.पी. शुक्ला और जस्टिस मनोज जैन विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे.
‘आपसी समन्वय और सौहार्द का प्रतीक’: तरुण राणा
एनडीबीए के सचिव तरुण राणा ने बताया कि बार और बेंच का एक मंच पर आकर इस पावन पर्व को मनाना न्याय व्यवस्था के दोनों प्रमुख अंगों के बीच प्रगाढ़ समन्वय, आपसी विश्वास और सौहार्द का सशक्त संदेश देता है. इस भव्य आयोजन में न्यायिक अधिकारियों, वरिष्ठ प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों समेत हजारों की संख्या में अधिवक्ताओं ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया. कार्यक्रम को न्यायिक बिरादरी के सभी वर्गों से भरपूर सराहना मिली, जिससे भविष्य में भी ऐसे साझा मंचों के जरिए संबंधों को और प्रगाढ़ करने की रूपरेखा तैयार हुई है.
माधवी मधुकर और शमशाद के सुरों से सजी सांस्कृतिक संध्या
दीपोत्सव के अवसर पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियां मुख्य आकर्षण का केंद्र रहीं. प्रसिद्ध भक्ति व संस्कृत स्तोत्र गायिका माधवी मधुकर के भजनों और प्रख्यात सूफी गायिका शमशाद की रूहानी सूफी प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों को मंत्रमुग्ध कर दिया. पटियाला हाउस कोर्ट का प्रांगण दीपोत्सव की रोशनी, उल्लास और न्यायपालिका के दोनों स्तंभों के आत्मीय मिलन का गवाह बना.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


