मेघालय रणजी टीम में बड़ा उलटफेर
Meghalaya Cricket Association: मेघालय क्रिकेट एसोसिएशन (एमसीए) में चल रहे विवाद का असर अब रणजी ट्रॉफी टीम पर भी साफ दिखाई दिया है. प्लेट डिवीजन में नागालैंड के खिलाफ खेले जा रहे मुकाबले से ठीक पहले पूरी टीम बदल दी गई. हैरानी की बात यह रही कि नई टीम की घोषणा मैच शुरू होने से केवल दो दिन पहले की गई. इससे पहले तीन मुकाबले खेल चुकी पुरानी टीम के खिलाड़ी चौथे मैच की तैयारी में जुटे हुए थे और नियमित रूप से अभ्यास भी कर रहे थे.
अध्यक्ष और सचिव के बीच टकराव बना वजह
इस पूरे मामले की जड़ एमसीए अध्यक्ष जेम्स संगमा और सचिव रेनॉल्ड खार्कमनी के बीच चल रहा विवाद है. दरअसल, मेघालय अंडर-23 महिला टीम की खिलाड़ियों से जुड़ी यौन उत्पीड़न शिकायतों पर उचित कार्रवाई नहीं करने के आरोपों के बाद रेनॉल्ड खार्कमनी को निलंबित किया गया था. इसके बाद से एसोसिएशन के भीतर खींचतान और बढ़ गई.
हाई कोर्ट के फैसले के बाद बदली तस्वीर
मामले में मेघालय हाई कोर्ट की एंट्री के बाद स्थिति पूरी तरह बदल गई. अदालत ने रेनॉल्ड खार्कमनी द्वारा लिए गए फैसलों को अवैध माना. साथ ही एसोसिएशन की एपेक्स काउंसिल के जरिए चुनी गई रणजी टीम को भी अमान्य घोषित कर दिया. कोर्ट के आदेश के बाद अध्यक्ष जेम्स संगमा को नागालैंड के खिलाफ मुकाबले के लिए नई टीम का चयन करना पड़ा.
बीसीसीआई ने भी माना अदालत का आदेश
इस मुद्दे पर बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने टाइम्स ऑफ इंडिया से बातचीत में कहा कि बोर्ड के पास हाई कोर्ट के आदेश का पालन करने के अलावा कोई दूसरा रास्ता नहीं था. उन्होंने स्पष्ट किया कि अदालत के निर्देशों को देखते हुए अध्यक्ष की पहल पर चुनी गई नई टीम को खेलने की अनुमति देनी पड़ी.
ये भी पढ़ें-पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड बना लूटपाट का केंद्र…! छोटे देशों की लीग्स से कर रहा अवैध ‘वसूली’
बाहर हुए खिलाड़ियों में नाराजगी
टीम से बाहर किए गए अनुभवी बल्लेबाज राहुल दलाल ने इस फैसले पर नाराजगी जताई. हिंदुस्तान टाइम्स से बातचीत में उन्होंने बताया कि टीम पहले ही तीन राउंड खेल चुकी थी. शुक्रवार को अध्यक्ष के पक्ष में फैसला आया, जबकि शनिवार और रविवार को खिलाड़ी नियमित अभ्यास कर रहे थे. खिलाड़ियों को अंदाजा तक नहीं था कि मैच से सिर्फ दो दिन पहले इतना बड़ा बदलाव हो जाएगा. राहुल के मुताबिक, रविवार को प्रैक्टिस खत्म कर लौटने के बाद उन्हें पता चला कि उनके जाने के बाद दूसरी टीम ने मैदान पर अभ्यास किया था.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



