भोजपुर में स्कॉर्पियो से रौंदकर दो लोगों की हत्या
Bhojpur Double Murder/ASHUTOSH : बिहार के भोजपुर जिले में दीपावली की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब बिहिया थाना क्षेत्र के रामडीहरा गांव में पूर्व के विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष हो गया. इस दौरान तेज रफ्तार स्कॉर्पियो से लोगों को कुचलने का आरोप है. घटना में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि सात लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए. सभी घायलों का इलाज आरा सदर अस्पताल में चल रहा है.
घटना के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई. दीपावली की रात जहां लोग दीप जलाकर खुशियां मना रहे थे, वहीं रामडीहरा गांव में चीख-पुकार और मातम का माहौल कायम हो गया.
शराब पीकर लोगों को रौंद डाला
मिली जानकारी के अनुसार, दीपावली पूजा के अवसर पर गांव के मंदिर के समीप कुछ लोग गाना बजा रहे थे. इसी दौरान दूसरे पक्ष के लोगों ने इसका विरोध किया. बताया जा रहा है कि वहां शराब पार्टी भी हुई थी और नशे की हालत में हंगामा शुरू हो गया. देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और दोनों पक्षों के बीच मारपीट होने लगी.
आरोप है कि इसी दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे लोगों पर भी हमला किया गया. विवाद बढ़ने पर रितेश यादव नामक युवक ने तेज रफ्तार स्कॉर्पियो से लोगों को रौंद दिया. इस दर्दनाक घटना में कमलेश यादव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल दिनेश यादव ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. वहीं सात अन्य लोग जख्मी हो गए.

शराब बरामदगी को लेकर पुरानी रंजिश
मृतक दिनेश यादव के पुत्र अमित कुमार यादव ने आरोप लगाया कि कुछ समय पहले गांव में पुलिस ने शराब बरामद की थी. इसका शक दूसरे पक्ष के लोगों को उनके परिवार पर था. इसी रंजिश में पहले उनके चाचा के साथ मारपीट की गई. जब उनके पिता दिनेश यादव बीच-बचाव करने पहुंचे तो उनके साथ भी मारपीट की गई. इसके बाद परिवार के अन्य सदस्यों के साथ सड़क पर पहुंचे लोगों को रितेश यादव एवं अन्य आरोपितों ने स्कॉर्पियो से रौंद दिया. इसमें कमलेश यादव की मौके पर मौत हो गई, जबकि उनके पिता दिनेश यादव की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई.

पुलिस कर रही छापेमारी
घटना की सूचना मिलते ही बिहिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल भेजा. घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है. पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी है.
इस संबंध में बिहिया थानाध्यक्ष विपिन बिहारी ने बताया कि पूर्व के विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट हुई थी. इसके बाद स्कॉर्पियो से कुल नौ लोगों को रौंदे जाने की घटना सामने आई है. आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


