लॉस एंजिल्स में कार से कुचलकर 3 लोगों की मौत
Los Angeles Accident: अमेरिका के लॉस एंजिल्स में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि कम से कम तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. नॉर्थ हॉलीवुड इलाके में एक तेज रफ्तार वाहन ने सड़क पर चल रहे लोगों के समूह को टक्कर मार दी. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. लॉस एंजिल्स अग्निशमन विभाग ने तीन लोगों की मौत और कई लोगों के घायल होने की पुष्टि की है.
अग्निशमन विभाग के मुताबिक घटना मंगलवार शाम करीब 6 बजे (स्थानीय समय) से कुछ पहले हुई. हादसे में घायल तीन लोगों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है.
रॉयटर्स के मुताबिक एक कार बस स्टॉप के पास लगे फूड स्टॉल से जा टकराई. इसके बाद वहां मौजूद लोग इसकी चपेट में आ गए. फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि वाहन सड़क से उतरकर फूड स्टॉल तक कैसे पहुंचा.
पुलिस और संबंधित एजेंसियां हादसे के कारणों की जांच कर रही हैं. अभी तक इसे आतंकी हमला बताने वाली कोई जानकारी सामने नहीं आई है.
अमेरिका में पहले भी वाहनों से भीड़ को बनाया गया निशाना
अमेरिका में वाहनों से लोगों को कुचलने की घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं. इनमें कुछ हादसे थे जबकि कुछ को जानबूझकर अंजाम दिए गए.
न्यूयॉर्क ट्रक हमला (2017)
31 अक्टूबर 2017 को उज्बेकिस्तान मूल के सैफुल्लो साइपोव ने न्यूयॉर्क के लोअर मैनहट्टन में साइकिल ट्रैक पर किराए का पिकअप ट्रक चढ़ा दिया था. इस हमले में 8 लोगों की मौत हुई और कई अन्य घायल हुए थे. जांच में सामने आया था कि हमलावर इस्लामिक स्टेट (ISIS) से प्रेरित था. बाद में उसे आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई.
न्यू ऑरलियन्स हमला (2025)
1 जनवरी 2025 को नए साल के जश्न के दौरान शम्सुद्दीन जब्बार ने न्यू ऑरलियन्स की बर्बन स्ट्रीट पर भीड़ में ट्रक घुसा दिया था. इस हमले में 14 लोगों की मौत हुई और दर्जनों लोग घायल हुए थे. हमलावर के वाहन से ISIS का झंडा मिला था. पुलिस की जवाबी कार्रवाई में हमलावर मारा गया था.
ये भी पढ़ें- ट्रंप का ‘यू-टर्न’ और धड़ाम हुआ कच्चा तेल! ईरान पर हमले रोकने के संकेत से बाजार में तगड़ा फेरबदल
शार्लोट्सविले कार हमला (2017)
12 अगस्त 2017 को वर्जीनिया के शार्लोट्सविले में श्वेत राष्ट्रवादी रैली के दौरान जेम्स फील्ड्स जूनियर ने प्रदर्शनकारियों की भीड़ पर कार चढ़ा दी थी. इस घटना में एक महिला की मौत हो गई थी और कई लोग घायल हुए थे. इस मामले में हमलावर को हत्या और घृणा अपराध समेत कई आरोपों में दोषी ठहराया गया था.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



