ANSBCL Scam:अंडमान निकोबार/जे बॉबी: अंडमान निकोबार के चर्चित ANSBCL बैंक घोटाला मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने शिकंजा कसते हुए एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है. जांच एजेंसी ने अंडमान निकोबार के पूर्व सांसद और कांग्रेस पार्टी के पूर्व अध्यक्ष कुलदीप राय शर्मा समेत 13 अन्य लोगों और संस्थाओं के खिलाफ कोर्ट में सप्लीमेंट्री प्रॉसिक्यूशन कंप्लेंट दाखिल की है. इस पूरे मामले में 500 करोड़ रुपये से अधिक के अवैध लेन-देन और वित्तीय अनियमितताओं का खुलासा हुआ है.
अंडमान निकोबार के ANSBCL बैंक घोटाला मामले में ED ने पूर्व सांसद कुलदीप राय शर्मा समेत 14 लोगों पर सप्लीमेंट्री शिकायत दर्ज की है. 500 करोड़ से अधिक के इस घोटाले में शेल कंपनियों के जरिए फर्जी लोन बांटे गए और अवैध कमाई से करोड़ों की संपत्तियां बनाई गईं, जिन्हें अब जांच एजेंसी द्वारा अटैच किया जा रहा है.
ED ने पोर्ट ब्लेयर की विशेष PMLA अदालत में दाखिल की सप्लीमेंट्री शिकायत
प्रवर्तन निदेशालय (ED) के कोलकाता जोनल ऑफिस-II ने 6 नवंबर 2026 को पोर्ट ब्लेयर स्थित विशेष PMLA अदालत के समक्ष यह सप्लीमेंट्री शिकायत दर्ज कराई है. जांच एजेंसी के मुताबिक, इस बहुचर्चित घोटाले में अब तक कुल 52 आरोपियों को नामजद किया जा चुका है.
शेल कंपनियों के जरिए करोड़ों रुपये के फर्जी लोन का खेल
जांच एजेंसी का आरोप है कि बैंक के कुछ भ्रष्ट अधिकारियों और अन्य प्रभावशाली लोगों ने सोची-समझी साजिश के तहत शेल (फर्जी) कंपनियां बनाईं. बैंकिंग नियमों को ताक पर रखकर लगभग 23 शेल कंपनियों के माध्यम से करीब 301.50 करोड़ रुपये के लोन स्वीकृत कराए गए. चौंकाने वाली बात यह है कि इनमें से करीब 271 करोड़ रुपये की राशि एनपीए (NPA) में तब्दील हो चुकी है.
अवैध फंड से खरीदी गईं संपत्तियां, 320 करोड़ से ज्यादा की प्रॉपर्टी अटैच
जांच में सामने आया है कि लोन के इन रुपयों को जटिल बैंक ट्रांजैक्शन के जरिए इधर-उधर ट्रांसफर किया गया और इसका इस्तेमाल जमीन, होटल, रिसॉर्ट और दो सेमी-सबमरीन टूरिस्ट वेसल जैसी कीमती संपत्तियां खरीदने में किया गया. ED ने 5 नवंबर 2026 को करीब 121.35 करोड़ रुपये की 35 अचल संपत्तियों को अस्थायी रूप से अटैच किया है. इससे पहले भी करीब 205.56 करोड़ रुपये की संपत्तियां कुर्क की जा चुकी हैं, जिससे अब तक अटैच कुल संपत्तियों का मूल्य 326.91 करोड़ रुपये हो गया है. मामले में आगे की जांच अभी जारी है.
यह भी पढ़ें-UP Election Strategy: बीजेपी का बड़ा फैसला, इन दिग्गज मंत्रियों और MLC को चुनावी मैदान में उतारने की तैयारी
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.





