Samastipur De-Addiction Center Manager Murder: बिहार के समस्तीपुर जिले से एक बेहद सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है. यहां मथुरापुर थाना क्षेत्र के विश्वकर्मा टोला स्थित ‘मुस्कान नशा विमुक्ति सह पुनर्वास केंद्र’ के अंदर एक मरीज ने केंद्र के प्रबंधक की बेरहमी से हत्या कर दी. यह पूरी खौफनाक वारदात वहां लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है. मृतक की पहचान मुजफ्फरपुर के चतुर्भुज स्थान कालीबाड़ी रोड निवासी राम जन्म दूबे के 27 वर्षीय बेटे राहुल कुमार के रूप में हुई है.
कमरे में आराम कर रहे थे राहुल, तभी हुआ जानलेवा हमला
जानकारी के अनुसार, राहुल कुमार केंद्र के ही एक कमरे में आराम कर रहे थे. इसी दौरान केंद्र में इलाज के लिए भर्ती एक नशेड़ी मरीज वहां पहुंचा और उसने जिम में इस्तेमाल होने वाली भारी लोहे की रॉड से राहुल के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिया. सिर पर बेहद गंभीर चोट लगने और अधिक खून बहने के कारण राहुल ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. अचानक हुई इस घटना से पूरे पुनर्वास केंद्र में हड़कंप मच गया.
परिजनों ने जताई साजिश की आशंका
वारदात की सूचना मिलते ही मथुरापुर थानाध्यक्ष धनंजय कुमार अपनी पुलिस टीम के साथ फौरन मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और त्वरित कार्रवाई करते हुए हमलावर मरीज को हिरासत में ले लिया. पकड़े गए आरोपी की पहचान वैशाली जिले के राघोपुर निवासी अनिल पोद्दार के बेटे हिमांशु कुमार के रूप में हुई है, जिससे पुलिस सख्ती से पूछताछ कर रही है.
बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद जब राहुल का शव परिजनों को सौंपा गया, तो घर में कोहराम मच गया. राहुल की मां ने रोते हुए बताया कि राहुल खुद भी पहले नशे का आदी था, लेकिन इसी केंद्र से नशे की लत छूटने के बाद वह यहीं प्रबंधन का काम संभालने लगा था. वह अपने बूढ़े माता-पिता के बुढ़ापे का इकलौता सहारा था. वहीं, मृतक के परिवार वालों ने इसे महज एक हमला मानने से इनकार करते हुए गहरी साजिश के तहत हत्या किए जाने का आरोप लगाया है और पुलिस से निष्पक्ष जांच की गुहार लगाई है.
यह भी पढ़ें: फरीदाबाद में टेक महिंद्रा के एशिया हेड परमजीत की हत्या का लाइव वीडियो आया सामने
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.






