PM Modi Council of Ministers meeting: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आगामी 18 नवंबर 2026 को केंद्रीय मंत्रिपरिषद (Council of Ministers) की एक अत्यंत महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता करेंगे. आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, इस उच्चस्तरीय बैठक का मुख्य केंद्र बिंदु केंद्र सरकार के पिछले 12-13 वर्षों के कार्यकाल के दौरान देश के लगभग 50 करोड़ नागरिकों को गरीबी रेखा से बाहर निकालने की बड़ी सामाजिक-आर्थिक उपलब्धि का उत्सव मनाना और जनकल्याणकारी योजनाओं की भावी रूपरेखा तैयार करना है. बैठक की गंभीरता को देखते हुए सभी केंद्रीय व राज्य मंत्रियों को अपने पूर्व निर्धारित सभी कार्यक्रमों और यात्राओं को रद्द कर अनिवार्य रूप से बैठक में उपस्थित रहने का निर्देश दिया गया है.
जनकल्याणकारी योजनाओं और भावी रोडमैप पर विशेष प्रस्तुति
सूत्रों के मुताबिक, बैठक के दौरान सरकार की प्रमुख फ्लैगशिप योजनाओं – जैसे प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, मुफ्त राशन योजना (पीएम गरीब कल्याण अन्न योजना) और प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (DBT) – के जमीनी प्रभाव पर विस्तृत प्रस्तुति दी जाएगी. इन योजनाओं के माध्यम से करोड़ों परिवारों के जीवन स्तर में आए बदलाव और बहुआयामी गरीबी (Multidimensional Poverty) में आई गिरावट के आंकड़ों को प्रमुखता से रेखांकित किया जाएगा. इसके अतिरिक्त, आगामी समय के लिए कुछ नई नीतिगत पहलों और योजनाओं के विस्तार पर भी मंत्रिपरिषद में विचार-विमर्श होने की संभावना है.
मनीला दौरे से लौटते ही एक्शन में दिखेंगे प्रधानमंत्री
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 16 से 18 नवंबर तक फिलीपींस के मनीला में आयोजित आसियान-भारत और ईस्ट एशिया शिखर सम्मेलन में भाग लेने के बाद स्वदेश लौटते ही इस बैठक की अध्यक्षता करेंगे. राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में इस बैठक को शासन के अगले चरण की तैयारियों, मंत्रालयों के प्रदर्शन की समीक्षा और ‘विकसित भारत @2047’ के लक्ष्य को गति देने की दिशा में बेहद निर्णायक माना जा रहा है.
भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




