प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 13 और 14 नवंबर को कर्नाटक और गुजरात के दौरे पर रहेंगे. इस दौरान प्रधानमंत्री कर्नाटक में 15,600 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे. इन परियोजनाओं का संबंध शहरी परिवहन, बिजली ट्रांसमिशन, नवीकरणीय ऊर्जा, पेट्रोलियम इंफ्रास्ट्रक्चर, कचरा प्रबंधन और रेलवे जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों से है.
बेंगलुरु में मेट्रो की पिंक लाइन का करेंगे उद्घाटन
प्रधानमंत्री बेंगलुरु में मेट्रो की पिंक लाइन के कलेना अग्रहारा से तावरेकेरे सेक्शन का उद्घाटन करेंगे. इसके साथ ही रेलवे और शहरी परिवहन से जुड़ी कई अन्य परियोजनाएं भी राष्ट्र को समर्पित की जाएंगी. इन परियोजनाओं से बेंगलुरु में यातायात व्यवस्था बेहतर होने के साथ ही शहरी कनेक्टिविटी को मजबूती मिलेगी.
रेलवे कनेक्टिविटी को मिलेगी नई रफ्तार
प्रधानमंत्री कर्नाटक में रेलवे से जुड़ी महत्वपूर्ण परियोजनाओं की भी सौगात देंगे. इसमें 55 किलोमीटर लंबे सकलेशपुर-सुब्रह्मण्य रोड घाट रेलवे सेक्शन का विद्युतीकरण शामिल है. यह रेलवे सेक्शन देश के सबसे चुनौतीपूर्ण रेल मार्गों में से एक है. इसके विद्युतीकरण के साथ ही बेंगलुरु से मंगलुरु तक पूरा रेल मार्ग विद्युतीकृत हो जाएगा.
इसके अलावा प्रधानमंत्री बेंगलुरु-मंगलुरु-मडगांव वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाएंगे. यह ट्रेन बेंगलुरु, तटीय कर्नाटक और गोवा के बीच तेज और आधुनिक रेल कनेक्टिविटी उपलब्ध कराएगी. ट्रेन हासन, सकलेशपुर, मंगलुरु, उडुपी, मुरुडेश्वर, गोकर्ण और कारवार जैसे प्रमुख स्थानों को जोड़ते हुए मडगांव पहुंचेगी. इससे यात्रियों को सुविधा मिलने के साथ ही क्षेत्र में पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा.
मैसूर में देश के पहले एलईडी डोम प्लेनेटेरियम का उद्घाटन
प्रधानमंत्री मैसूर में COSMOS-Mysuru प्लेनेटेरियम का उद्घाटन करेंगे. यह भारत का पहला एलईडी डोम प्लेनेटेरियम है, जिसे भारतीय खगोल भौतिकी संस्थान ने तैयार किया है. मैसूर विश्वविद्यालय परिसर में चामुंडी पहाड़ियों की तलहटी में स्थित यह केंद्र खगोल विज्ञान की शिक्षा और प्रशिक्षण के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा.
इस अत्याधुनिक प्लेनेटेरियम में 15 मीटर का झुका हुआ गुंबद बनाया गया है, जिसमें लगभग 6,150 पैनल और 4.2 करोड़ एलईडी मौजूद हैं. इसकी खासियत यह है कि पारंपरिक प्लेनेटेरियम की तरह प्रोजेक्टर के बजाय इसमें एलईडी पैनलों के जरिए वास्तविक समय में दृश्य प्रदर्शित किए जा सकेंगे. इससे दर्शकों को अंतरिक्ष और खगोलीय घटनाओं का एक अलग और शानदार अनुभव मिलेगा.
प्लेनेटेरियम के स्काई थिएटर में खगोल विज्ञान से जुड़े विशेष कार्यक्रम दिखाए जाएंगे. यहां मैसूर के इतिहास और खगोल विज्ञान के संबंधों पर आधारित एक फिल्म भी प्रदर्शित होगी. ये कार्यक्रम कन्नड़, अंग्रेजी और हिंदी भाषाओं में उपलब्ध होंगे.
इसके अलावा केंद्र में प्रदर्शनी हॉल, खगोल विज्ञान से जुड़े मॉडल और कलाकृतियों का संग्रहालय, लेक्चर हॉल, प्रशिक्षण केंद्र और इंटरैक्टिव आउटडोर प्रदर्शनी की सुविधाएं भी होंगी.
प्रधानमंत्री के इस दौरे के जरिए कर्नाटक में बुनियादी ढांचे, आधुनिक परिवहन, रेलवे कनेक्टिविटी और विज्ञान शिक्षा को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है. इसके बाद प्रधानमंत्री 14 नवंबर को गुजरात में भी विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.







