द्रास-जोजिला में सीजन की पहली बर्फबारी (इमेज-Bharat Express)
Ladakh Snowfall: पहाड़ों पर मौसम ने करवट ले ली है. लद्दाख के द्रास और जोजिला के ऊंचे इलाकों में सीजन की पहली बर्फबारी हुई है. बर्फबारी के बाद पहाड़ियां सफेद चादर से ढक गई हैं. वहीं हिमाचल प्रदेश के रोहतांग पास और मढ़ी में भी सुबह से बर्फ गिर रही है. रोहतांग पास में करीब 4 से 5 इंच और मढ़ी में लगभग 1 इंच बर्फ जमा हो चुकी है.
बर्फबारी के कारण ऊंचाई वाले इलाकों में ठंड बढ़ गई है. मौसम में आए बदलाव को देखते हुए प्रशासन ने भी सतर्कता बढ़ा दी है. रोहतांग पास की ओर जाने वाले वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है.
रोहतांग पास की ओर वाहनों की आवाजाही बंद
बर्फबारी को देखते हुए मनाली पुलिस ने मढ़ी से रोहतांग पास की ओर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह रोक दी है. फिलहाल सिर्फ इमरजेंसी वाहनों को ही आगे जाने की अनुमति दी गई है. गुलाबा बैरियर पर इस संबंध में जरूरी निर्देश जारी किए गए हैं.
जो वाहन मढ़ी तक पहुंच चुके थे उन्हें सुरक्षित तरीके से वापस मनाली भेजा जा रहा है. प्रशासन की ओर से यात्रियों और वाहन चालकों को निर्देशों का पालन करने को कहा गया है.
कुपवाड़ा में बर्फ हटाने का अभियान जारी
उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में भी बर्फबारी के बाद सड़कों पर आवाजाही सामान्य रखने की कोशिश की जा रही है. चौकीबल-तंगधार रोड और मीलियाल-पी गली-केरन रोड पर 109 आरसीसी बीकन की ओर से बर्फ हटाने का काम चल रहा है.
ये भी पढ़ें- अगले 12 घंटे 16 राज्यों में मौसम का विकराल रूप! भारी बारिश और 60 की स्पीड से तूफान मचाएगा तांडव
पहाड़ी इलाकों में मौसम बदलने के साथ ही प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं. बर्फबारी के चलते ऊंचाई वाले रास्तों पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित होने की आशंका है. ऐसे में रास्तों पर तैनात टीमें बर्फ हटाने और यातायात को सुरक्षित बनाए रखने में जुटी हैं.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


