Bharat Express DD Free Dish

महादेव ऐप मामले में CBI की बड़ी कार्रवाई, 6 राज्यों में 33 ठिकानों पर छापेमारी

Mahadev App Case: महादेव ऑनलाइन सट्टेबाजी ऐप मामले में सीबीआई ने छह राज्यों में 33 ठिकानों पर छापेमारी की. जांच के दौरान कई बेटिंग पैनल बंद कराए गए और म्यूल बैंक खातों व हवाला नेटवर्क से जुड़े सबूत मिले.

Mahadev App Case

महादेव ऐप मामले में CBI की बड़ी कार्रवाई

Mahadev App Case: महादेव ऑनलाइन सट्टेबाजी ऐप मामले में सीबीआई ने देशभर में बड़ी कार्रवाई की है. जांच एजेंसी ने छह राज्यों में 33 ठिकानों पर छापेमारी कर अवैध ऑनलाइन बेटिंग और जुए के पैनल का खुलासा किया है. कार्रवाई के दौरान कई जगहों पर चल रहे सट्टेबाजी के पैनल बंद कराए गए. सीबीआई ने मौके से डिजिटल डिवाइस, मोबाइल फोन और आपत्तिजनक दस्तावेज भी बरामद किए हैं.

सीबीआई के मुताबिक, यह कार्रवाई ओमान से प्रत्यर्पित किए गए मामले के मुख्य आरोपी और ऐप के प्रमुख प्रमोटर सौरभ चंद्राकर से पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर की गई. छापेमारी अवैध ऑनलाइन बेटिंग प्लेटफॉर्म के पैनल ऑपरेटरों के ठिकानों पर की गई.

म्यूल बैंक खातों और हवाला नेटवर्क के सबूत मिले

जांच एजेंसी को छापेमारी के दौरान मिले दस्तावेजों से म्यूल बैंक खातों और हवाला नेटवर्क के जरिए पैसों के लेन-देन से जुड़े सबूत मिले हैं. सीबीआई के अनुसार, महादेव ऐप का संचालन विदेश में स्थित मुख्यालय से किया जाता था. वहीं भारत में पैनल ऑपरेटरों का बड़ा नेटवर्क काम कर रहा था.

ये ऑपरेटर ग्राहकों की आईडी संभालने, दूसरे लोगों के नाम पर खोले गए या किराए पर लिए गए बैंक खातों में सट्टेबाजी की रकम जमा कराने और हवाला के जरिए मुनाफा विदेश भेजने का काम करते थे.

1 नवंबर को गिरफ्तार हुआ था सौरभ चंद्राकर

सौरभ चंद्राकर को ओमान से प्रत्यर्पित किए जाने के बाद सीबीआई ने 1 नवंबर 2026 को गिरफ्तार किया था. रायपुर की विशेष सीबीआई अदालत ने उसे आठ दिन की पुलिस हिरासत में भेजा था. पूछताछ में महादेव ऐप के संचालन और भारत में फैले पैनल ऑपरेटरों के नेटवर्क से जुड़ी अहम जानकारियां सामने आईं.

12 नवंबर को पुलिस हिरासत खत्म होने के बाद सौरभ चंद्राकर को अदालत में पेश किया गया. इसके बाद उसे 19 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.

विदेशों में मौजूद आरोपियों की भूमिका की जांच

सीबीआई अब इस मामले में विदेशों में मौजूद अन्य आरोपियों और नेटवर्क को चलाने में मदद करने वालों की भूमिका की जांच कर रही है. एजेंसी संबंधित सरकारी कर्मचारियों की भूमिका भी खंगाल रही है. फरार आरोपियों को भारत लाने के लिए प्रत्यर्पण की प्रक्रिया जारी है.

ये भी पढ़ें- भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 2.49 अरब डॉलर बढ़कर 719.5 अरब डॉलर पहुंचा, गोल्ड रिजर्व में भी उछाल

जांच एजेंसी ने आम लोगों को ऑनलाइन सट्टेबाजी और जुए से दूर रहने की चेतावनी दी है. सीबीआई ने कहा है कि इस तरह की गतिविधियों के लिए अपना बैंक खाता, सिम कार्ड या पहचान से जुड़े दस्तावेज किसी दूसरे व्यक्ति को देना या किराए पर देना भी अपराध है. ऐसा करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई हो सकती है.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read