Bharat Express DD Free Dish
Chhath Puja 2026
Chhath Puja 2026

फिलीपींस पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, जानें राष्ट्रपति मार्कोस के डिनर और द्विपक्षीय बैठकों का पूरा शेड्यूल

दो दिवसीय दौरे पर मनीला पहुंचे PM Modi का एयरपोर्ट पर भव्य स्वागत हुआ, जहां प्रवासी भारतीयों ने ‘मोदी-मोदी’ के नारे लगाए और बच्चों ने संस्कृत श्लोक पढ़े. पीएम मोदी यहां 23वें आसियान-भारत और 21वें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में लेंगे हिस्सा.

PM Modi Grand Welcome At Manila Airport Philippines ASEAN India Summit 2026

PM Modi Philippines Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर फिलीपींस की राजधानी मनीला पहुंच गए हैं. मनीला अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरते ही पीएम मोदी का बेहद भव्य और पारंपरिक अंदाज में स्वागत किया गया. फिलीपींस के सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी विभाग के सचिव रॉबर्ट जोसेफ मोंटेस डी क्लारो ने एयरपोर्ट पर उनकी अगवानी की. प्रधानमंत्री यहां 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन और 21वें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने पहुंचे हैं.

एयरपोर्ट के बाहर और होटल में बड़ी संख्या में मौजूद प्रवासी भारतीयों ने प्रधानमंत्री को देखते ही ‘मोदी-मोदी’ और ‘भारत माता की जय’ के जोरदार नारे लगाए. स्वागत के लिए खास तौर पर रंगोली सजाई गई थी और स्थानीय कलाकारों ने पारंपरिक नृत्य प्रस्तुत किया. नन्हे बच्चों ने जब संस्कृत के श्लोक पढ़कर पीएम का अभिनंदन किया, तो प्रधानमंत्री भी बेहद प्रसन्न नजर आए और उन्होंने आगे बढ़कर सभी से हाथ मिलाया.

122 बिलियन डॉलर के व्यापार को मिलेगी नई रफ्तार

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जानकारी साझा करते हुए कहा कि यह यात्रा भारत की ‘एक्ट ईस्ट पॉलिसी’ और ‘इंडो-पैसिफिक विजन’ के तहत आसियान देशों के साथ साझेदारी को और मजबूत करेगी. वहीं, विदेश मंत्रालय में सचिव (पूर्व) रुद्रेंद्र टंडन ने मीडिया ब्रीफिंग में बताया कि आसियान भारत का एक बेहद महत्वपूर्ण व्यापारिक साझेदार बनकर उभरा है, जिसके साथ भारत का कुल व्यापार लगभग 122 बिलियन डॉलर तक पहुंच चुका है.

द्विपक्षीय बैठकों का व्यस्त कार्यक्रम

प्रधानमंत्री का यह दौरा ऐसे खास समय पर हो रहा है जब भारत और आसियान वर्ष 2026 को ‘आसियान-भारत समुद्री सहयोग वर्ष’ के रूप में मना रहे हैं. अगले साल यानी 2027 में दोनों पक्षों के संवाद संबंधों के 35 साल और व्यापक रणनीतिक साझेदारी के पांच साल भी पूरे होने जा रहे हैं.

मनीला प्रवास के दौरान पीएम मोदी फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस जूनियर द्वारा आयोजित रात्रिभोज में शामिल होंगे. इसके अगले दिन वे आसियान-भारत और पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलनों में ‘आसियान-भारत कार्य योजना 2026-2030’ की समीक्षा करने के साथ-साथ कई वैश्विक नेताओं के साथ अहम द्विपक्षीय बैठकें भी करेंगे.

यह भी पढ़ें: प्रवासी भारतीयों में दिखा उत्साह: 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने फिलीपींस पहुंचे पीएम मोदी

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

Chhath Puja 2026

Latest