Bangladesh Tension Over Sheikh Hasina Return: बांग्लादेश की सियासत में एक बार फिर उबाल आ गया है. पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की अगले महीने देश वापसी की अटकलों के बीच राजधानी ढाका में सुरक्षा व्यवस्था को कड़ी चुनौती देते हुए सोमवार रात दो देसी बम धमाके किए गए. ये विस्फोट हजरत शाहजलाल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के बेहद करीब हुए, जिसमें तीन राहगीर मामूली रूप से घायल हो गए हैं.
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, पहला धमाका एयरपोर्ट के बाहरी गेट के नजदीक हुआ, जबकि दूसरा विस्फोट पास ही स्थित जसीमउद्दीन इलाके के एक फ्लाईओवर के पास दर्ज किया गया. हवाई अड्डा पुलिस थाने के प्रभारी कामरुल इस्लाम तालुकदार ने स्थानीय मीडिया ‘ढाका ट्रिब्यून’ को बताया कि अज्ञात उपद्रवियों ने फ्लाईओवर के ऊपर से ये देसी बम नीचे फेंके थे. इस घटना के तुरंत बाद पूरे इलाके की घेराबंदी कर सुरक्षा बढ़ा दी गई है.
अवामी लीग के गढ़ों में कड़ी सुरक्षा
अगस्त 2024 में छात्र आंदोलन के बाद सत्ता गंवाकर भारत में शरण लेने वाली शेख हसीना की संभावित वापसी की चर्चाओं ने बांग्लादेश के कई हिस्सों में माहौल तनावपूर्ण बना दिया है. हालांकि, एयरपोर्ट के पास हुए इन धमाकों का सीधे तौर पर हसीना की वापसी से कोई संबंध है या नहीं, यह अभी साफ नहीं हो पाया है.
बीते कुछ दिनों में देश के अलग-अलग इलाकों से ट्रेनों, बसों और बैंकों में आगजनी जैसी हिंसक घटनाएं सामने आई हैं, जिनके लिए पुलिस ने अवामी लीग और उससे जुड़े संगठनों के कार्यकर्ताओं को जिम्मेदार ठहराया है.
दिसंबर भर तैनात रहेगा अतिरिक्त पुलिस बल
संभावित राजनीतिक हिंसा और तोड़फोड़ की आशंका को देखते हुए बांग्लादेश की सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट मोड पर हैं. बंगाली अखबार ‘प्रोथोम आलो’ की रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस महानिरीक्षक (IGP) मो. अली हुसैन फकीर ने देश के सभी 64 जिलों के पुलिस अधीक्षकों, आठ महानगरों के पुलिस आयुक्तों और आठ रेंज के डीआईजी को उपद्रवियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं. खास तौर पर ढाका, गोपालगंज और अवामी लीग के प्रभाव वाले अन्य जिलों में दिसंबर महीने भर अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात रखने और खुफिया निगरानी तेज करने का फैसला लिया गया है.
यह भी पढ़ें: कभी सब्जी के लिए तरसी, मां के ताने ने बदली किस्मत; आज जापान में कमा रही 1 लाख रुपये महीना!
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.





