Bharat Express DD Free Dish
Chhath Puja 2026
Chhath Puja 2026

छठ महापर्व 2026: आस्था के महापर्व पर सुरक्षा और सुविधाओं का खास इंतजाम, 12,806 घाटों पर तैनात रहे गोताखोर

Bihar Chhath Puja 2026: बिहार में छठ महापर्व 2026 शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ. राज्य के 12,806 घाटों पर गोताखोर और आपदा मित्र तैनात किए गए, जबकि 377 संवेदनशील घाटों पर SDRF-NDRF की टीम मुस्तैद रही. पटना में शौचालय, चेंजिंग रूम, वॉच टावर और लेजर शो जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पैतृक गांव में परिवार के साथ उगते सूर्य को अर्घ्य दिया.

Bihar Chhath Puja 2026 Arrangements

Bihar Chhath Puja 2026 Arrangements

Bihar Chhath Puja 2026 Arrangements: बिहार की संस्कृति और आत्मा से जुड़ा लोक आस्था का महापर्व छठ 2026 शांतिपूर्ण और श्रद्धापूर्ण माहौल में संपन्न हो गया. चार दिनों तक चले इस महापर्व में लाखों श्रद्धालुओं ने भगवान सूर्य को अर्घ्य देकर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की. इस बार छठ के दौरान घाटों की साफ-सफाई, आकर्षक रोशनी, सुरक्षा और व्रतियों की सुविधाओं को लेकर सरकार की ओर से व्यापक इंतजाम किए गए थे. चकाचक सड़कें, जगमगाती गलियां, घाटों पर लेजर शो और छठ गीतों की गूंज ने पूरे बिहार को भक्तिमय बना दिया. सरकार की व्यवस्थाओं से व्रतियों के साथ-साथ दूसरे राज्यों से छठ मनाने पहुंचे प्रवासी बिहारियों ने भी संतोष जताया.

12,806 घाटों पर सुरक्षा के लिए तैनात रहे गोताखोर और आपदा मित्र

छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता में रही. राज्यभर में कुल 12,806 छठ घाटों पर स्थानीय गोताखोर और आपदा मित्रों की तैनाती की गई थी. इसका उद्देश्य किसी भी आपात स्थिति में तत्काल बचाव और राहत कार्य शुरू करना था. वहीं, संवेदनशील घोषित 377 घाटों पर विशेष बचाव दलों को मुस्तैद रखा गया. इनमें 254 घाटों पर राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) और 123 घाटों पर राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) के जवान तैनात रहे. इस तरह प्रशासन ने स्थानीय स्तर पर बचाव की व्यवस्था के साथ संवेदनशील घाटों पर पेशेवर आपदा प्रबंधन टीमों की मौजूदगी भी सुनिश्चित की.

पटना के घाटों पर सफाई से लेकर चेंजिंग रूम तक की व्यवस्था

राजधानी पटना में छठ की तैयारियों को लेकर विशेष इंतजाम किए गए थे. गंगा नदी पर मौजूद कुल 103 घाटों में से 91 को सुरक्षित, 5 को खतरनाक और 7 घाटों पर विशेष व्यवस्था की गई थी. पटना नगर निगम की ओर से 92 घाटों और 103 तालाबों को छठ पूजा के लिए तैयार किया गया. इनमें 37 कृत्रिम और 66 स्थायी तालाब शामिल थे. व्रतियों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए पटना में 552 अस्थायी शौचालय, 450 यूरिनल और 400 चेंजिंग रूम बनाए गए. इसके अलावा 13 यात्री शेड और 171 वॉच टावर भी तैयार किए गए थे. भीड़ प्रबंधन और निगरानी को बेहतर बनाने के लिए पूरे क्षेत्र को 21 सेक्टरों में बांटा गया था. प्रत्येक सेक्टर में सफाई, बैरिकेडिंग, यातायात और सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखी गई.

घाटों पर लेजर शो ने बढ़ाया छठ का आकर्षण

इस बार छठ महापर्व में परंपरा और आधुनिक तकनीक का अनूठा संगम भी देखने को मिला. सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की ओर से श्रद्धालुओं के लिए विशेष लेजर शो का आयोजन किया गया. रंग-बिरंगी रोशनी और संगीत के जरिए भगवान सूर्य की महिमा, छठ पूजा की परंपराओं और बिहार की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित किया गया. घाटों पर मौजूद श्रद्धालुओं ने इस प्रस्तुति का आनंद लिया. रोशनी से सजे घाट और छठ गीतों की गूंज ने पूरे माहौल को और खास बना दिया.

मुख्यमंत्री ने खुद संभाली तैयारियों की कमान

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने छठ महापर्व से पहले पटना में गंगा नदी के विभिन्न घाटों का स्टीमर से निरीक्षण किया था. इस दौरान उन्होंने सफाई, सुरक्षित आवागमन, बैरिकेडिंग और माइकिंग जैसी व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए. प्रशासन को यह सुनिश्चित करने को कहा गया था कि व्रतियों को अर्घ्य देने में किसी तरह की परेशानी न हो. मुख्यमंत्री ने पटना के रेनबो मैदान में अभिनेत्री अक्षरा सिंह की ओर से आयोजित छठ संध्या कार्यक्रम में भी हिस्सा लिया और प्रदेशवासियों को महापर्व की शुभकामनाएं दीं.

पैतृक गांव में परिवार के साथ दिया उगते सूर्य को अर्घ्य

छठ महापर्व के अंतिम दिन मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी अपने पैतृक गांव मुंगेर जिले के तारापुर स्थित लखनपुर पहुंचे. यहां उन्होंने परिवार के सदस्यों के साथ उदीयमान भगवान भास्कर को अर्घ्य दिया और राज्य की सुख-समृद्धि की कामना की. वहीं, आपात स्थिति से निपटने के लिए आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए थे. राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र के नंबर 0612-2294204 और 0612-2294205 के साथ आपात सहायता के लिए 1070 उपलब्ध कराया गया था.

कुल मिलाकर छठ महापर्व 2026 में सरकार की तैयारियां घाटों की सजावट और पूजा व्यवस्था तक सीमित नहीं रहीं. सुरक्षा, स्वच्छता, यातायात, बचाव दल और व्रतियों की बुनियादी सुविधाओं पर भी विशेष ध्यान दिया गया. श्रद्धालुओं और प्रवासियों की ओर से मिली सकारात्मक प्रतिक्रिया के बीच चार दिवसीय महापर्व का शांतिपूर्ण समापन हुआ.

भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

Chhath Puja 2026