Bharat Express DD Free Dish
Chhath Puja 2026
Chhath Puja 2026

बिहार की कनेक्टिविटी का नया अध्याय: 21 नवंबर को देश को समर्पित होगा ‘नीतीश सेतु’, पीएम मोदी करेंगे उद्घाटन

बिहार को बड़ी सौगात देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 नवंबर 2026 को ‘नीतीश सेतु’ का उद्घाटन करेंगे. 5,571 करोड़ से अधिक की लागत से बने इस पुल से उत्तर और दक्षिण बिहार की कनेक्टिविटी बेहतर होगी और व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा.

PM Modi To Inaugurate Nitish Setu Patna Hajipur 6 Lane Ganga Bridge On Nov 21

बिहार की तस्वीर बदलने वाले बुनियादी ढांचे में एक और बड़ा अध्याय जुड़ने जा रहा है. बहुप्रतीक्षित ‘नीतीश सेतु’ (कच्ची दरगाह-बिदुपुर 6-लेन गंगा पुल) अब पूरी तरह बनकर तैयार है और आगामी 21 नवंबर 2026 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसका उद्घाटन कर इसे देश को समर्पित करेंगे. गंगा नदी पर बना यह आधुनिक 6-लेन पुल इंजीनियरिंग का एक बेहतरीन नमूना है, जो राजधानी पटना और वैशाली जिले के बिदुपुर के बीच सीधा संपर्क स्थापित करेगा. इसके शुरू होने से महात्मा गांधी सेतु पर लगने वाले ट्रैफिक जाम से बड़ी राहत मिलेगी और उत्तर तथा दक्षिण बिहार के बीच आवाजाही बेहद आसान हो जाएगी.

5,500 करोड़ से अधिक आई लागत

इस मेगा प्रोजेक्ट की परिकल्पना साल 2012 में एनडीए सरकार के दौरान की गई थी. सितंबर 2012 में आधारभूत संरचना विकास प्राधिकार से मंजूरी मिलने के बाद फरवरी 2013 में फिजिबिलिटी रिपोर्ट तैयार हुई. इसके बाद अगस्त 2014 में केंद्र सरकार ने एशियाई विकास बैंक (ADB) से लोन की सिफारिश की, जिससे इस अंतरराष्ट्रीय प्रोजेक्ट का रास्ता साफ हुआ.

जुलाई 2015 में प्रशासनिक स्वीकृति मिलने के बाद जमीनी काम शुरू हुआ था. कुल 5,571.69 करोड़ रुपये की इस लागत वाली परियोजना में ADB ने 3,472.15 करोड़ रुपये का ऋण दिया है, जबकि बिहार सरकार ने 2,099.54 करोड़ रुपये का योगदान दिया है. केंद्र और राज्य के इस बेहतरीन तालमेल ने आज इस ऐतिहासिक पुल को धरातल पर उतार दिया है.

व्यापार, रोजगार और किसानों को मिलेगा बड़ा फायदा

इस पुल के चालू होने से न सिर्फ लोगों के समय और ईंधन की बचत होगी, बल्कि उत्तर बिहार के किसानों के लिए भी तरक्की के नए द्वार खुलेंगे. लीची, मक्का, केला और अन्य सब्जियां अब बहुत कम समय में पटना और दूसरे बड़े बाजारों तक पहुंच सकेंगी. इसके अलावा, कच्ची दरगाह-बिदुपुर कॉरिडोर के आसपास नए उद्योगों, लॉजिस्टिक्स हब और व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा, जिससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे. निःसंदेह, ‘नीतीश सेतु’ आधुनिक बिहार की आर्थिक समृद्धि और आत्मनिर्भरता का एक मजबूत आधार स्तंभ साबित होगा.

यह भी पढ़ें: उत्तराखंड बस हादसा: टिहरी गढ़वाल में गहरी खाई में गिरी बस, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सीएम पुष्कर सिंह धामी ने जताया शोक

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

Chhath Puja 2026