कुलगाम एनकाउंटर में लश्कर कमांडर लतीफ भट ढेर
Latif Bhat Encounter: जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में सुरक्षा बलों को आतंकियों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन में बड़ी कामयाबी मिली है. दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले में हुई मुठभेड़ में लश्कर-ए-तैयबा (LeT) का कमांडर मोहम्मद लतीफ भट मारा गया. वह 11 नवंबर को मीर बाजार के पास CRPF चौकी पर हुए हमले का मुख्य साजिशकर्ता था. इस हमले में CRPF के तीन जवान घायल हुए थे.
भारतीय सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस के स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप (SOG) और CRPF की संयुक्त टीम ने यह ऑपरेशन चलाया. बताया जा रहा है कि लतीफ भट मुठभेड़ के दौरान एक मस्जिद में छिपा हुआ था. सुरक्षा बलों ने इलाके की घेराबंदी कर उसे मार गिराया.
उमर डार के मारे जाने के बाद तेज हुआ था ऑपरेशन
कुलगाम में आतंकियों के खिलाफ सुरक्षा बलों का अभियान सोमवार से ही तेज था. सोमवार को हुई मुठभेड़ में लतीफ भट का साथी उमर निसार डार मारा गया था. इसके बाद पुलिस ने CCTV फुटेज जारी किया था. इसमें उमर निसार डार और लतीफ भट 11 नवंबर को CRPF चौकी पर हमले से पहले इलाके की रेकी करते नजर आए थे.
11 नवंबर को हुए इस हमले के बाद से ही सुरक्षा बल कुलगाम के कई इलाकों में तलाशी अभियान चला रहे थे. पुलिस ने कई जगहों पर घेराबंदी की थी. पूछताछ के लिए 500 से ज्यादा लोगों को हिरासत में लिए जाने की खबर भी सामने आई थी.
हमले से पहले कई जगहों की रेकी की थी
पुलिस के मुताबिक, जांच में पता चला था कि स्थानीय निवासी उमर निसार डार ने लतीफ भट के साथ मिलकर हमले से पहले कई जगहों की रेकी की थी. इनमें मीर बाजार, अखरान, हबलिश और किलम शामिल थे.
एक पुलिस अधिकारी ने बताया था कि 10 नवंबर को डार और लतीफ भट ने इन इलाकों में घूमकर संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाई थी. इसके अगले दिन दोनों ने अखरान में CRPF नाके पर हमला किया और वहां से फरार हो गए. बाद में CCTV फुटेज की जांच के दौरान दोनों की पहचान हुई.
पांच-छह महीने से लतीफ की मदद कर रहा था डार
पुलिस अधिकारी के मुताबिक CCTV फुटेज में 10 नवंबर को रेकी करने से लेकर CRPF चौकी पर हमले के बाद भागने तक की गतिविधियां कैद हुई थीं.
जांच में यह भी पता चला था कि उमर निसार डार पिछले पांच-छह महीने से लतीफ भट को पनाह दे रहा था और उसे जरूरी मदद पहुंचा रहा था. डार के लापता होने के बाद उसके परिवार ने कुलगाम के एक पुलिस स्टेशन में गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई थी.
ये भी पढ़ें- कुलगाम में आतंकियों के खिलाफ बड़ा ऑपरेशन, लतीफ भट को घेरा; पुलिस ने सरेंडर करने को कहा
पुलिस के मुताबिक लतीफ भट 22 जुलाई को अनंतनाग में पुलिस पर हुए उस हमले में भी शामिल था, जिसमें एक पुलिसकर्मी की मौत हुई थी. इसके अलावा, 1 अगस्त को कुलगाम में दो प्रवासी मजदूरों की हत्या के पीछे भी उसका हाथ होने की आशंका जताई गई थी.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



