उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को महायोगी गुरु श्री गोरखनाथ जी की पावन तपोस्थली गोरखपुर के कैम्पियरगंज क्षेत्र में उत्तर प्रदेश के प्रथम वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय का विधिवत भूमिपूजन किया. भाजपा प्रदेश अध्यक्ष की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में 491 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बनने वाले इस विश्वविद्यालय की आधारशिला रखी गई.
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के समग्र विकास को गति देने वाली 792 करोड़ रुपये से अधिक की 55 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया.
डिग्री के साथ शोध और अधिकारी बनने का अवसर
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट साझा करते हुए जनपदवासियों को हार्दिक बधाई दी. उन्होंने स्पष्ट किया कि यह फॉरेस्ट्री विश्वविद्यालय केवल डिग्री प्रदान करने का माध्यम भर नहीं होगा, बल्कि यहां सिल्वीकल्चर और एग्रोफॉरेस्ट्री जैसे विशिष्ट विषयों की भी गहन पढ़ाई होगी. विद्यार्थी यहां से बीएससी, एमएससी और पीएचडी की उपाधियां प्राप्त कर वानिकी क्षेत्र में विशेषज्ञता हासिल कर सकेंगे और भविष्य में वन विभाग में अधिकारी के रूप में अपनी सेवाएं दे सकेंगे.
महायोगी गुरु श्री गोरखनाथ जी की पावन तपोस्थली गोरखपुर में आज @BJP4UP के माननीय प्रदेश अध्यक्ष श्री @mppchaudhary जी की उपस्थिति में ₹491 करोड़ से अधिक की लागत से स्थापित होने वाले उत्तर प्रदेश के प्रथम वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय का भूमिपूजन तथा ₹792 करोड़ से अधिक की 55 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया।
यह फॉरेस्ट्री (Forestry) विश्वविद्यालय केवल डिग्री प्रदान करने का माध्यम नहीं होगा, बल्कि यहां Silviculture and Agroforestry जैसे विषयों की भी पढ़ाई होगी। विद्यार्थी यहां से बीएससी, एमएससी और पीएचडी की उपाधियां प्राप्त करने के साथ ही वानिकी के क्षेत्र में विशेषज्ञता हासिल कर सकेंगे और भविष्य में वन विभाग में अधिकारी के रूप में अपनी सेवाएं दे सकेंगे।
जनपद वासियों को हृदय से बधाई।
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) November 19, 2026
पांच विश्वविद्यालयों वाला जिला बना गोरखपुर
यह अत्याधुनिक विश्वविद्यालय 123 एकड़ से अधिक भूमि पर स्थापित किया जाएगा, जिससे गोरखपुर उच्च शिक्षा और शोध का एक बड़ा केंद्र बनकर उभरेगा. जिले में पहले से ही दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय, मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय और आयुष विश्वविद्यालय संचालित हैं. वानिकी विश्वविद्यालय के जुड़ने के साथ ही अब गोरखपुर पांच विश्वविद्यालयों वाला जिला बन गया है. आयुष और वानिकी विश्वविद्यालय अपनी विशिष्ट प्रकृति के कारण पूरे प्रदेश में अनूठे हैं.
ये भी पढ़ें: गोरखपुर को सीएम योगी की सौगात, 792 करोड़ की परियोजनाओं का किया लोकार्पण और शिलान्यास
हरियाली और खुशहाली का नया अध्याय
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने संकल्प व्यक्त किया कि उत्तर प्रदेश की प्राकृतिक संपदा जनसमृद्धि का आधार बने और हरियाली के साथ हर परिवार के जीवन में खुशहाली आए. उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ शिक्षा, अनुसंधान और नवाचार के माध्यम से समृद्धि का नया मार्ग प्रशस्त करने पर विशेष जोर दिया. एग्रोफॉरेस्ट्री को बढ़ावा देने और हॉर्टिकल्चर के लिए नई तकनीक अपनाने की इस पहल से पूर्वी उत्तर प्रदेश में कृषि, शिक्षा और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




