Bharat Express DD Free Dish
Chhath Puja 2026
Chhath Puja 2026

बुलंदशहर में आधी रात को गरजीं बंदूकें! छोटा शकील का खास गुर्गा नसीम दुर्रानी ढेर, 4 दिन पहले दिल्ली में किया था मर्डर

उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में यूपी एसटीएफ, दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच और स्थानीय पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 50 हजार रुपये का इनामी बदमाश नसीम दुर्रानी उर्फ रिजवान मारा गया.

उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में यूपी एसटीएफ (UP STF), दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश नसीम दुर्रानी उर्फ रिजवान को एनकाउंटर में ढेर कर दिया है. दरअसल 16 नवंबर को दिल्ली के सोनिया विहार में हुए समीर उर्फ भूरा हत्याकांड में वांछित चल रहे नसीम ने सिकंदराबाद कोतवाली क्षेत्र के जाट चौक पर खुद को घिरता देख पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी थी, जिसके बाद जवाबी मुठभेड़ में वह मौके पर ही मारा गया. घटनास्थल से पुलिस को एक ऑटोमेटिक पिस्टल भी बरामद हुई है.

जाट चौक पर घिरा तो शुरू कर दी ताबड़तोड़ फायरिंग

पुलिस के मुताबिक, दिल्ली पुलिस और नोएडा एसटीएफ को नसीम दुर्रानी उर्फ रिजवान के बुलंदशहर इलाके में छिपे होने का पुख्ता इनपुट मिला था. इसी सूचना के आधार पर यूपी एसटीएफ, दिल्ली क्राइम ब्रांच और बुलंदशहर पुलिस ने संयुक्त ऑपरेशन चलाया और सिकंदराबाद कोतवाली क्षेत्र के जाट चौक पर उसे घेर लिया. खुद को चारों तरफ से घिरा देख करीब 37 वर्षीय नसीम दुर्रानी ने पुलिस पर गोलियां चलाना शुरू कर दी, जिसके जवाब में की गई पुलिस फायरिंग में वह ढेर हो गया.

कौन था नसीम दुर्रानी और क्यों आया था रडार पर?

नसीम दुर्रानी उर्फ रिजवान दिल्ली के न्यू मुस्तफाबाद स्थित राजीव गांधी नगर का रहने वाला था. जांच एजेंसियों के मुताबिक, 16 नवंबर को दिल्ली के सोनिया विहार में जीरो पुश्ता के पास स्कूटी सवार समीर उर्फ भूरा पर बाइक सवार हमलावरों ने अंधाधुंध फायरिंग की थी, जिससे अस्पताल में उसकी मौत हो गई थी. इस सनसनीखेज हत्याकांड (FIR संख्या 587/2026, खजूरी खास थाना) में नसीम उर्फ रिजवान की संलिप्तता सामने आने के बाद पुलिस उसकी सरगर्मी से तलाश कर रही थी.

25 से ज्यादा संगीन मामलों का आरोपी

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार नसीम दुर्रानी का आपराधिक इतिहास बेहद खौफनाक रहा है और उसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, मारपीट और अवैध हथियारों समेत 25 से अधिक गंभीर मामले दर्ज थे. वह खजूरी खास थाने में दर्ज राजा मेवाती हत्याकांड (FIR संख्या 248/2026) में भी मुख्य शूटर बताया गया था और गाजियाबाद के लोनी थाने (FIR संख्या 280/2025) में भी वांछित था. इसके अलावा दिल्ली के गोकुलपुरी, खजूरी खास, जाफराबाद और दयालपुर थानों में भी उसके खिलाफ कई केस दर्ज थे.

D-कंपनी का नेटवर्क और छोटा राजन की सुपारी

जांच में यह भी सामने आया है कि नसीम दुर्रानी अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम के गिरोह डी-कंपनी से जुड़ा रहा था और छोटा शकील के लगातार संपर्क में था. बताया जाता है कि 2016-17 के दौरान छोटा शकील ने नसीम को तिहाड़ जेल में बंद गैंगस्टर छोटा राजन को ठिकाने लगाने की सुपारी भी दी थी. पुलिस का मानना है कि नसीम के मारे जाने से सोनिया विहार हत्याकांड और उससे जुड़े नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में बड़ी मदद मिल सकती है.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

UP Tourism