Bharat Express DD Free Dish
Chhath Puja 2026
Chhath Puja 2026

खाटू श्याम जन्मोत्सव के बीच बड़ा हादसा…! मंदिर के पास रेस्टोरेंट में लगी भीषण आग, एक के बाद एक फटे 4 सिलेंडर

राजस्थान के सीकर स्थित खाटू श्याम मंदिर के पास जन्मोत्सव के दौरान एक रेस्टोरेंट में भीषण आग लग गई, जिससे श्रद्धालुओं में अफरा-तफरी मच गई.

Khatu Shyam fire News

Khatu Shyam Fire News: राजस्थान के सीकर स्थित विश्व प्रसिद्ध खाटू श्याम मंदिर में जन्मोत्सव की धूम के बीच शुक्रवार, 20 नवंबर 2026 की सुबह एक बड़ा हादसा हो गया. मंदिर के एग्जिट गेट के पास स्थित एक रेस्टोरेंट में अचानक भीषण आग लग गई, जिससे वहां मौजूद लाखों श्रद्धालुओं के बीच अफरा-तफरी मच गई. देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और रेस्टोरेंट के अंदर रखे गैस सिलेंडरों में एक के बाद एक चार जोरदार धमाके हुए, जिससे इलाके में दहशत फैल गई.

बैन के बावजूद आतिशबाजी बनी आग की वजह?

जानकारी के मुताबिक, खाटूश्याम जी के जन्मदिन और सालाना जयंती मेले को देखते हुए प्रशासन ने इलाके में आतिशबाजी पर पूरी तरह बैन लगाया था. हालांकि, स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रतिबंध के बावजूद श्रद्धालुओं और लोगों ने जमकर पटाखे फोड़े और जलते हुए पटाखे इधर-उधर फेंके. शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि इसी आतिशबाजी की चिंगारी से रेस्टोरेंट में आग भड़की, हालांकि सटीक कारणों की जांच अभी जारी है.

4 सिलेंडर फटे, टला एक और बड़ा हादसा

आग इतनी तेजी से फैली कि उसकी ऊंची लपटें काफी दूर से दिखाई देने लगीं. रेस्टोरेंट के भीतर दो दर्जन से ज्यादा गैस सिलेंडर रखे हुए थे, जिनमें से चार सिलेंडरों में तेज धमाके हो गए. धमाकों की आवाज सुनते ही मौके पर मौजूद भक्तों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई, लेकिन स्थानीय निवासियों, व्यापारियों और प्रशासनिक टीमों ने गजब की सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते बाकी सिलेंडरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जिससे एक बहुत बड़ी जनहानि टल गई.

दमकल और स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू

हादसे की सूचना मिलते ही मंदिर समिति और प्रशासन की दमकल गाड़ियां, पुलिस बल और आला अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे. स्थानीय लोगों और व्यापारियों ने भी राहत व बचाव कार्य में प्रशासन का पूरा साथ दिया. काफी देर की कड़ी मशक्कत के बाद संयुक्त टीमों ने आग पर पूरी तरह काबू पा लिया और इलाके में यातायात व दर्शन व्यवस्था को फिर से सामान्य कराया.

राजस्थान में पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे बड़े अग्निकांड

गौरतलब है कि राजस्थान में ज्वलनशील सामग्री और लापरवाही के चलते आग लगने की घटनाएं(Khatu Shyam Fire) पहले भी चिंता बढ़ा चुकी हैं. पुलिस के अनुसार, इसी साल अप्रैल महीने में राज्य के नीमराना स्थित एक कबाड़ गोदाम में भीषण आग लगने से दो मजदूरों और दो नाबालिग लड़कियों समेत चार लोगों की जान चली गई थी. खाटू श्याम मंदिर परिसर के पास हुई इस ताजा घटना के बाद अब प्रशासन सुरक्षा मानकों और आतिशबाजी पर सख्ती को लेकर और सतर्क हो गया है.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

UP Tourism