Amit Shah Igas Bagwal Wishes 2026
Amit Shah Igas Bagwal Wishes: उत्तराखंड के पारंपरिक लोकपर्व इगास बग्वाल यानी बूढ़ी दीपावली के मौके पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं. अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर पोस्ट कर देवभूमि की समृद्ध लोक संस्कृति और परंपराओं की सराहना की. उन्होंने कामना की कि इगास का यह पावन पर्व सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और नई ऊर्जा लेकर आए. वहीं, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी प्रदेशवासियों को इगास की बधाई देते हुए अपनी सांस्कृतिक विरासत को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने का आह्वान किया. इसके अलावा उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई नेताओं ने भी इस खास अवसर पर शुभकामनाएं दी हैं.
अमित शाह ने X पर किया ट्वीट, जानें क्या कहा?
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर पोस्ट करते हुए लिखा, “देवभूमि उत्तराखंड के बहनों-भाइयों को ‘इगास’ पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं. उत्तराखंड की समृद्ध संस्कृति और लोक परंपराओं को समर्पित यह पर्व आप सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और नई ऊर्जा का संचार करे.” अमित शाह के इस संदेश में उत्तराखंड की लोक संस्कृति और पारंपरिक त्योहारों के महत्व को रेखांकित किया गया. इगास पर्व को उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान और लोक आस्था से जुड़ा महत्वपूर्ण त्योहार माना जाता है.
CM धामी ने भी दी बधाई, लोक परंपराओं को सहेजने की अपील
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एक्स पर वीडियो संदेश जारी कर प्रदेशवासियों को इगास बग्वाल की शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा कि यह पर्व उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति, आस्था और गौरवशाली परंपराओं का प्रतीक है. यह हमें अपनी जड़ों से जुड़े रहने और सांस्कृतिक विरासत को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने की प्रेरणा देता है. सीएम धामी ने गांवों में दीपों की रोशनी, भैलो की उमंग और लोकगीतों की मधुर गूंज का जिक्र करते हुए कहा कि ये परंपराएं इगास पर्व को खास बनाती हैं. उन्होंने उन लोगों से भी अपनी मिट्टी और पहाड़ से जुड़े रहने की अपील की, जो रोजगार या अन्य कारणों से अपने गांवों से दूर रहते हैं. मुख्यमंत्री ने लोगों से बुजुर्गों का आशीर्वाद लेने और बच्चों को अपनी परंपराओं से जोड़ने का आग्रह किया. उन्होंने गांवों को खुशहाल बनाने, खेत-खलिहानों को आबाद रखने और लोक संस्कृति को संरक्षित करने का संदेश भी दिया.
देवभूमि उत्तराखंड के बहनों-भाइयों को ‘इगास’ पर्व की हार्दिक शुभकामनाएँ।
उत्तराखंड की समृद्ध संस्कृति और लोक परंपराओं को समर्पित यह पर्व आप सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और नई ऊर्जा का संचार करे। https://t.co/0jLekaQF4G
— Amit Shah (@AmitShah) November 20, 2026
योगी आदित्यनाथ ने भी दी इगास की शुभकामनाएं
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी एक्स पर पोस्ट कर उत्तराखंडवासियों को इगास पर्व की बधाई दी. उन्होंने बाबा केदारनाथ से प्रार्थना की कि यह त्योहार सभी के जीवन में नई उमंग, नई चेतना और सुख-समृद्धि लेकर आए.
रमेश पोखरियाल और हरीश रावत ने भी दी बधाई
उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल ने भी प्रदेशवासियों को इगास की शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा कि पहाड़ी संस्कृति और परंपराओं को जीवित रखने के लिए त्योहारों को पूरे उत्साह के साथ मनाना जरूरी है. वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता हरीश रावत ने भी इगास यानी बूढ़ी दिवाली के अवसर पर देशवासियों और उत्तराखंडवासियों को बधाई दी. इस तरह इगास के मौके पर अलग-अलग राजनीतिक दलों के नेताओं ने उत्तराखंड की लोक संस्कृति, परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को सहेजने का संदेश दिया.
भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




