Mohammed Mazin Deported: केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर फरार अपराधियों के खिलाफ एक और बड़ी कामयाबी मिली है. सीबीआई ने विदेश मंत्रालय, गृह मंत्रालय और महाराष्ट्र पुलिस के संयुक्त प्रयासों से 14 महिलाओं के शोषण और ठगी के वांटेड आरोपी मोहम्मद माजिन को संयुक्त अरब अमीरात (UAE) से भारत डिपोर्ट कराया है. आरोपी को 20 नवंबर को भारत वापस लाया गया, जिसके बाद महाराष्ट्र पुलिस की एस्कॉर्ट टीम उसे लेकर कोचीन इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंची.
मोहम्मद माजिन का यूएई से सफल डिपोर्टेशन भारतीय जांच एजेंसियों और अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा समन्वय की बड़ी जीत को दर्शाता है. शादी का झांसा देकर महिलाओं की जिंदगी से खिलवाड़ करने और विदेश भागकर कानून से बचने की कोशिश करने वाले इस आरोपी को अब भारतीय अदालतों में अपने अपराधों का हिसाब देना होगा. सीबीआई की यह कार्रवाई उन सभी भगोड़े अपराधियों के लिए भी कड़ा संदेश है जो विदेश में छिपकर खुद को सुरक्षित समझते हैं.
शादी का झांसा देकर 14 महिलाओं से शोषण और ठगी
महाराष्ट्र पुलिस में दर्ज एफआईआर के अनुसार, मोहम्मद माजिन ने एक महिला को शादी का झांसा देकर पहले अपने प्रेम जाल में फंसाया और फिर उसका शारीरिक, मानसिक व आर्थिक शोषण किया. आरोपी ने धोखाधड़ी कर पीड़ित महिला से 18 लाख रुपये भी ऐंठ लिए थे. इस मामले में अदालत में चार्जशीट पहले ही दाखिल हो चुकी है. पुलिस जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि माजिन ने इसी तरह 13 अन्य महिलाओं को भी शादी का झांसा देकर अपना शिकार बनाया था. आरोप है कि उसने इन महिलाओं से मोटी रकम वसूलने के साथ-साथ उनके अंतरंग पलों के वीडियो भी रिकॉर्ड कर लिए थे. पुलिस की कार्रवाई शुरू होते ही वह देश छोड़कर विदेश भाग गया था.
इंटरपोल के रेड नोटिस से कसा शिकंजा
विदेश भागे आरोपी को पकड़ने के लिए महाराष्ट्र पुलिस के अनुरोध पर सीबीआई के नेशनल सेंट्रल ब्यूरो (NCB) ने इंटरपोल के माध्यम से रेड नोटिस जारी कराया था. इंटरपोल के अंतरराष्ट्रीय चैनलों की मदद से आरोपी की लोकेशन यूएई में ट्रेस की गई, जिसके बाद वहां के स्थानीय अधिकारियों ने उसे गिरफ्तार कर लिया. सभी आवश्यक कानूनी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद यूएई प्रशासन ने उसे भारत डिपोर्ट करने की मंजूरी दे दी.
2019 से अब तक 300 से ज्यादा भगोड़े लाए गए वापस
भारत में इंटरपोल के नेशनल सेंट्रल ब्यूरो के रूप में कार्य करते हुए सीबीआई देश की विभिन्न जांच एजेंसियों के साथ मिलकर विदेश भागे अपराधियों की वापसी सुनिश्चित कर रही है. सीबीआई के आंकड़ों के मुताबिक, साल 2019 से अब तक इंटरपोल की मदद से 300 से अधिक वांछित अपराधियों को भारत वापस लाया जा चुका है. खास बात यह है कि अकेले वर्ष 2026 में अब तक 74 भगोड़ों को भारत लाने में सफलता मिली है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.






