Bharat Express DD Free Dish
Chhath Puja 2026
Chhath Puja 2026

महामना की बगिया में काशी नरेश की अमिट छाप, BHU के मालवीय भवन में लगा चित्र; योगदान को किया गया याद

Kashi Naresh Dr Vibhuti Narayan Singh BHU: काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के मालवीय भवन की कुलाधिपति दीर्घा में पूर्व कुलाधिपति काशी नरेश डॉ. विभूति नारायण सिंह के चित्र का लोकार्पण हुआ. जानिए उनके 1966 से 2000 तक के कार्यकाल की खास बातें?

Kashi-Naresh-Dr-Vibhuti-Narayan-Singh-Portrait-BHU-Malaviya-Bhavan

महामना पंडित मदन मोहन मालवीय की तपस्थली काशी हिन्दू विश्वविद्यालय (BHU) के ऐतिहासिक मालवीय भवन में शुक्रवार, 20 नवंबर को एकादशी के पावन अवसर पर एक बेहद भावुक और गौरवशाली क्षण देखने को मिला. विश्वविद्यालय की ‘कुलाधिपति दीर्घा’ में BHU के पूर्व कुलाधिपति और काशी की सांस्कृतिक विरासत के संवाहक काशी नरेश डॉ. विभूति नारायण सिंह के चित्र का लोकार्पण किया गया. यह समारोह मालवीय भवन के निदेशक प्रोफेसर पतञ्जलि मिश्र और सहायक निदेशक डॉ. नारायण प्रसाद भट्टाराई की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ.

याद किया गया 34 वर्षों का स्वर्णिम दौर

समारोह के दौरान काशी राजपरिवार की महाराज कुमारी विष्णुप्रिया, महाराज कुमारी हर प्रिया और महाराज कुमारी कृष्ण प्रिया ने संयुक्त रूप से कुलाधिपति दीर्घा में काशी नरेश डॉ. विभूति नारायण सिंह के चित्र का अनावरण किया. इस अवसर पर वक्ताओं ने विश्वविद्यालय के शैक्षणिक और सांस्कृतिक उत्थान में महाराज श्री के अभूतपूर्व योगदान को स्मरण किया.

Kashi Naresh Dr Vibhuti Narayan Singh portrait unveiled BHU Malaviya Bhawan

महाराज कुमारी कृष्ण प्रिया ने बताया कि वर्ष 1966 से 2000 तक डॉ. विभूति नारायण सिंह काशी हिन्दू विश्वविद्यालय में सबसे लंबे समय तक कुलाधिपति पद पर आसीन रहे और उनका यह 34 वर्षों का संपूर्ण कार्यकाल विश्वविद्यालय के इतिहास में अत्यंत स्वर्णिम एवं ऐतिहासिक रहा है.

‘प्रेरणा का प्रतीक है महाराज श्री का चित्र’

काशी नरेश डॉ. विभूति नारायण सिंह की नातिन कुंवरी वरदा वसुप्रिया ने भावुक होते हुए कहा कि विश्वविद्यालय परिसर में महाराज का चित्र विद्यार्थियों और शिक्षकों के लिए सदैव प्रेरणा का स्रोत बना रहेगा. उन्होंने कहा कि ऐसे महान और देवतुल्य व्यक्तित्व के धनी काशी नरेश के चित्र का लोकार्पण परिवार और काशीवासियों के लिए अत्यंत गर्व और सौभाग्य का विषय है.

Kashi Naresh Dr Vibhuti Narayan Singh portrait unveiled BHU Malaviya Bhawan

वहीं, स्वच्छता संसद के अध्यक्ष मनोज गुप्ता ने कहा कि काशी नरेश डॉ. विभूति नारायण सिंह समस्त काशीवासियों के लिए भगवान शिव के स्वरूप थे और काशी की संस्कृति व परंपरा में उनका योगदान युगों-युगों तक अमर रहेगा.

ये भी पढ़ें: ‘कैंसर के खिलाफ जंग में ऐतिहासिक साझेदारी…’ होमी भाभा कैंसर अस्पताल और अशोका यूनिवर्सिटी के बीच हुआ बड़ा MoU

समारोह में गणमान्य अतिथियों की रही उपस्थिति

मालवीय भवन में आयोजित इस गरिमामय लोकार्पण समारोह में काशी राजपरिवार के सदस्यों के साथ-साथ शहर के प्रबुद्धजन भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे. कार्यक्रम में प्रमुख रूप से कुंवर ईशान, कुंवर श्रीवल्लभ नारायण, श्रीमती दीपाली राजकृष्ण, श्रीमती अरुणा रमण और श्री विजय नावड सहित कई गणमान्य अतिथियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

UP Tourism