उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपनी पूज्य माता सावित्री देवी के निधन के बाद बेहद भावुक नजर आए. सोशल मीडिया पर सामने आ रही अंतिम यात्रा की तस्वीरों और चर्चाओं के बीच मुख्यमंत्री ने अपनी माता के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए एक भावपूर्ण पोस्ट साझा किया है. बता दें सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (X) पर अपने आधिकारिक अकाउंट (@MYogiAdityanath) से उन्होंने अंतिम यात्रा की तस्वीर के साथ एक बेहद मार्मिक संस्कृत श्लोक साझा किया, जो हर किसी की आंखें नम कर रहा है.
सीएम योगी ने साझा किया यह भावपूर्ण संस्कृत श्लोक
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपनी पोस्ट में मां की महिमा और उनके स्नेह को समर्पित एक प्राचीन संस्कृत श्लोक लिखा:
“नास्ति मातृसमा छाया नास्ति मातृसमा गतिः.
नास्ति मातृसमं त्राणं नास्ति मातृसमा प्रिया॥”
(भावार्थ: इस संसार में माता के समान कोई छाया (आश्रय) नहीं है, माता के समान कोई सहारा (गति) नहीं है, माता के समान कोई रक्षक नहीं है और माता के समान कोई प्रिय नहीं है.)
पैतृक गांव पंचूर में 90 वर्ष की आयु में ली अंतिम सांस
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी ने शुक्रवार को उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के यमकेश्वर ब्लॉक स्थित अपने पैतृक गांव पंचूर में 90 वर्ष की आयु में अंतिम सांस ली थी. उनके निधन की खबर मिलते ही राजनीतिक और सामाजिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई और देश भर से दिग्गज नेताओं ने अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं.
हरिद्वार के चंडीघाट पर आज होगा अंतिम संस्कार
परिवार और प्रशासनिक सूत्रों के मुताबिक, माता सावित्री देवी की अंतिम यात्रा उनके पैतृक गांव पंचूर से शुरू हो चुकी है. आज हरिद्वार के चंडीघाट स्थित श्मशान घाट पर पूरे विधि-विधान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा, जहां परिवार के सदस्यों के साथ-साथ बड़ी संख्या में गणमान्य लोगों और शुभचिंतकों के मौजूद रहने की संभावना है.
यह भी पढ़ें: ‘गेहूं बेचें और ब्रेड खरीदें, यह कैसा उद्योग?’ FICCI मंच से बोले पीएम मोदी
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



