Bharat Express DD Free Dish
Chhath Puja 2026
Chhath Puja 2026

लो जी बैंक का लॉकर भी सेफ नहीं रहा…! लखनऊ में डॉक्टर दंपति के 1 करोड़ के जेवर गायब, मचा हड़कंप

लखनऊ के चौक स्थित इंडियन बैंक की शाखा के लॉकर से डॉक्टर दंपति के करीब एक करोड़ रुपये के सोने और हीरे के जेवर गायब होने का मामला सामने आया है.

Lucknow

AI Generated Image

रिपोर्ट-रवि कुमार


अब तक आम आदमी यही मानकर चलता था कि घर की तिजोरी के मुकाबले बैंक का लॉकर सबसे सुरक्षित जगह है, लेकिन एक सनसनीखेज मामले ने इस भरोसे को तगड़ा झटका दिया है. दरअसल लखनऊ के चौक स्थित इंडियन बैंक की शाखा के स्ट्रांग रूम में रखे लॉकर से करीब एक करोड़ रुपये के जेवरात गायब होने का मामला सामने आया है.

गुरुवार को जब पीड़ित डॉक्टर दंपति ने अपना लॉकर खोला, तो अंदर रखे सारे गहने नदारद देख उनके पैरों तले जमीन खिसक गई. हैरानी की बात यह है कि लॉकर की एक चाभी बैंक के पास होने के बावजूद बैंक प्रबंधन ने इस पूरे मामले से अपना पल्ला झाड़ लिया है.

जानिए क्या है पूरा मामला

जानकारी के मुताबिक, डॉक्टर रवि प्रकाश दीक्षित की पत्नी गुरुवार को अपने पुश्तैनी और कीमती जेवरात देखने व निकालने के लिए चौक स्थित इंडियन बैंक की शाखा पहुंची थीं. जब निर्धारित प्रक्रिया के तहत लॉकर खोला गया, तो अंदर का नजारा देख वे सन्न रह गईं. लॉकर में रखे करीब एक करोड़ रुपये कीमत के सोने-हीरे के जेवर पूरी तरह गायब थे.

एक चाभी बैंक के पास, फिर कैसे खुला लॉकर?

बैंकिंग नियमों के तहत किसी भी लॉकर को खोलने के लिए दो चाभियों-एक ग्राहक की और दूसरी बैंक की मास्टर चाभी-का इस्तेमाल होता है, और बिना बैंक अधिकारी की मौजूदगी या अनुमति के स्ट्रांग रूम तक पहुंचना नामुमकिन माना जाता है. इसके बावजूद जब पीड़ित परिवार ने जेवर गायब होने की शिकायत की, तो बैंक प्रबंधन ने जिम्मेदारी लेने के बजाय अपना पल्ला झाड़ लिया. बैंक के इस रवैये से पीड़ित परिवार में भारी आक्रोश है.

पुलिस ने शुरू की गहन जांच

बैंक की ओर से संतोषजनक जवाब न मिलने पर पीड़ित पक्ष ने तत्काल चौक थाने पहुंचकर पूरे मामले की लिखित तहरीर दी है. शिकायत मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई है और बैंक के स्ट्रांग रूम की सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी फुटेज और लॉकर संचालन के रजिस्टर की पड़ताल शुरू कर दी गई है.

स्ट्रांग रूम की सुरक्षा पर उठे बड़े सवाल

कड़े सुरक्षा घेरे और चौबीसों घंटे निगरानी वाले बैंक के स्ट्रांग रूम से एक करोड़ रुपये के जेवर गायब होने की इस घटना ने बैंकिंग सुरक्षा प्रणाली पर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. अब पुलिस की जांच के बाद ही साफ हो पाएगा कि यह किसी बाहरी सेंधमारी का नतीजा है या फिर इसके पीछे कोई अंदरूनी खेल छिपा है.

यह भी पढ़ें: ‘गेहूं बेचें और ब्रेड खरीदें, यह कैसा उद्योग?’ FICCI मंच से बोले पीएम मोदी

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

UP Tourism