Bharat Express DD Free Dish
Chhath Puja 2026
Chhath Puja 2026

UP चुनाव: सीट शेयरिंग पर सपा का बड़ा दांव, बातचीत के लिए बनाई 4 सदस्यीय कमेटी, जानें किसके हाथ में है डील की कमान

UP Assembly Election 2027: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच समाजवादी पार्टी ने सीट बंटवारे पर बातचीत के लिए चार सदस्यीय समिति का गठन किया है.

Akhilesh Yadav Committee

सपा ने बनाई 4 सदस्यीय कमेटी

UP Assembly Election 2027: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए समाजवादी पार्टी ने अपनी चुनावी रणनीति पर काम तेज कर दिया है. इसी कड़ी में पार्टी ने इंडिया गठबंधन के सहयोगी दलों के साथ सीटों के तालमेल और बंटवारे पर चर्चा करने के लिए एक विशेष समिति का गठन किया है. माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में गठबंधन के भीतर सीटों को लेकर अहम दौर की बातचीत होने वाली है.

अखिलेश यादव ने गठित की चार सदस्यीय टीम

समाजवादी पार्टी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने चार नेताओं की एक कमेटी बनाई है. इस समिति में सपा के राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव राम गोपाल यादव, प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल, सांसद राजीव राय और सांसद इकरा हसन को जिम्मेदारी सौंपी गई है. यह टीम गठबंधन सहयोगियों से संवाद स्थापित करने का काम करेगी.

इंडिया गठबंधन दलों से करेगी बातचीत

पार्टी के मुताबिक, गठित समिति आगामी विधानसभा चुनाव के लिए सीट बंटवारे से जुड़ी बातचीत की पूरी प्रक्रिया को संभालेगी. समिति का मुख्य काम इंडिया गठबंधन में शामिल दलों के साथ समन्वय बनाना और चुनावी समझौते को अंतिम रूप देने की दिशा में चर्चा करना होगा. माना जा रहा है कि उत्तर प्रदेश में बीजेपी को चुनौती देने के लिए विपक्षी दलों के बीच बेहतर तालमेल अहम भूमिका निभा सकता है.

दिल्ली में होगी सीट शेयरिंग पर अहम बैठक

एएनआई की रिपोर्ट के अनुसार, समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीट शेयरिंग का पहला औपचारिक दौर सोमवार से नई दिल्ली में शुरू होगा. यह बैठक दो दिनों तक चलेगी. दोनों दल आगामी विधानसभा चुनाव के लिए संभावित सीटों और रणनीति पर विचार-विमर्श करेंगे. इसे इंडिया ब्लॉक के दो प्रमुख सहयोगियों के बीच चुनावी समझौते की दिशा में पहला बड़ा कदम माना जा रहा है.

कांग्रेस की मांग को लेकर भी चर्चा तेज

पिछले सप्ताह सपा प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने दावा किया था कि कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव के लिए 181 सीटों की मांग रखी है. हालांकि राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि समाजवादी पार्टी शुरुआती स्तर पर कांग्रेस को 24 सीटों का प्रस्ताव दे सकती है. सीटों की संख्या को लेकर दोनों दलों के बीच बातचीत महत्वपूर्ण मानी जा रही है.

पिछले चुनावों का क्या रहा रिकॉर्ड?

साल 2017 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ने गठबंधन के तहत चुनाव लड़ा था. उस चुनाव में सपा को 47 सीटें मिली थीं, जबकि कांग्रेस केवल 7 सीटें जीत सकी थी. उस समय अखिलेश यादव राज्य के मुख्यमंत्री भी थे.

ये भी पढ़ें-UP में 3 दिन में होगा बड़ा खेला! सपा-कांग्रेस की बंद कमरे में होगी बैठक, किसके खाते में कितनी सीटें?

2022 और 2024 के नतीजों ने बदली तस्वीर

वहीं 2022 के विधानसभा चुनाव में दोनों पार्टियों ने अलग-अलग मैदान में उतरने का फैसला किया था. उस चुनाव में समाजवादी पार्टी का प्रदर्शन बेहतर रहा और उसकी सीटें बढ़कर 111 हो गईं. दूसरी तरफ कांग्रेस का आंकड़ा घटकर सिर्फ 2 सीटों तक पहुंच गया. हालांकि 2024 के लोकसभा चुनाव में इंडिया गठबंधन के तहत दोनों दलों ने मिलकर चुनाव लड़ा और अच्छा प्रदर्शन किया. समाजवादी पार्टी ने उत्तर प्रदेश की 80 लोकसभा सीटों में से 37 पर जीत हासिल की, जबकि कांग्रेस ने 6 सीटें अपने नाम कीं. ऐसे में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले दोनों दलों के बीच सीट शेयरिंग की बातचीत पर सियासी नजरें टिकी हुई हैं.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

UP Tourism