Bharat Express DD Free Dish
Chhath Puja 2026
Chhath Puja 2026

किताबें पढ़ने के शौकीन हैं IPS विनय कुमार चौबे, माइकल ए. सिंगर की ‘द सरेंडर एक्सपेरिमेंट’ पढ़कर कही ये बात

Michael a Singer Books: माइकल ए. सिंगर की किताब ‘द सरेंडर एक्सपेरिमेंट’ सिखाती है कि जीवन को नियंत्रित करने की जिद छोड़कर उसके स्वाभाविक प्रवाह में विश्वास करना कैसे असाधारण सफलता और आंतरिक शांति दिला सकता है.

IPS Vinay Kumar Chaubey

IPS Vinay Kumar Chaubey: महाराष्ट्र कैडर के 1995 बैच के वरिष्ठ IPS अधिकारी विनय कुमार चौबे अपनी पुलिसिंग के साथ-साथ किताबें पढ़ने के शौक को लेकर भी चर्चा में हैं. उन्हें खास तौर पर ऐसी किताबें पसंद हैं, जो जीवन, सोच और खुद को समझने का नया नजरिया देती हैं. हाल ही में उन्होंने अमेरिकी लेखक माइकल ए. सिंगर की चर्चित किताब ‘द सरेंडर एक्सपेरिमेंट’ पढ़ी. इसे पढ़ने के बाद चौबे ने अपना अनुभव साझा किया और बताया कि इस किताब से उन्हें जीवन को देखने का एक नया नजरिया मिला है.

कौन हैं IPS विनय कुमार चौबे?

विनय कुमार चौबे मूल रूप से बिहार के रहने वाले हैं. वह 1995 बैच के महाराष्ट्र कैडर के IPS अधिकारी हैं. उन्होंने IIT कानपुर से मैकेनिकल इंजीनियरिंग में बीटेक और एमटेक की पढ़ाई की है. इसके अलावा अमेरिका की केनेसॉ स्टेट यूनिवर्सिटी से साइबर सिक्योरिटी और मोबिलिटी की पढ़ाई भी की है.

अपने लंबे पुलिस करियर में चौबे कई अहम जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं. वह मुंबई पुलिस में संयुक्त पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था) और आर्थिक अपराध शाखा (EOW) के प्रमुख रह चुके हैं. इसके अलावा महाराष्ट्र के भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) में अपर पुलिस महानिदेशक (ADG) के पद पर भी काम कर चुके हैं.

14 दिसंबर 2022 को उन्होंने पिंपरी-चिंचवड के पुलिस आयुक्त का पदभार संभाला था. उनके कार्यकाल में साइबर पुलिसिंग, CCTV नेटवर्क और पुलिस के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने पर काम हुआ. वह इस आयुक्तालय के पहले पुलिस आयुक्त भी बने, जिन्होंने लगातार दो साल का कार्यकाल पूरा किया. उनकी सेवाओं के लिए उन्हें राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित किया जा चुका है.

मित्र ने तोहफे में दी थी किताब

विनय कुमार चौबे ने बताया कि माइकल ए. सिंगर की किताब ‘द सरेंडर एक्सपेरिमेंट’ उन्हें उनके एक मित्र ने तोहफे में दी थी. उनका कहना है कि उन्हें खुशी है कि मित्र ने उन्हें इस किताब से परिचित कराया.

किताब की शुरुआत लेखक के उस सफर से होती है, जिसमें वह ध्यान, योग और आध्यात्मिक खोज के जरिए अपने मन में लगातार चलने वाले विचारों को शांत करने की कोशिश करता है. धीरे-धीरे यह कोशिश खुद को समझने और जीवन में बदलाव लाने के एक अनोखे सफर में बदल जाती है.

चौबे के मुताबिक, लेखक का सफर कई मायनों में हैरान करने वाला है. ध्यान की तलाश में जंगल में वोक्सवैगन कार के भीतर रहने से लेकर आध्यात्मिक शिक्षक, उद्यमी और एक आध्यात्मिक समुदाय के निर्माता बनने तक की कहानी इसमें बताई गई है. लेखक ने आगे चलकर एक सफल सॉफ्टवेयर कंपनी भी बनाई, जबकि शुरुआत में उसे इस क्षेत्र की खास जानकारी नहीं थी.

हर चीज को अपने कंट्रोल में रखना जरूरी नहीं

विनय कुमार चौबे के मुताबिक, इस किताब का सबसे अहम संदेश है कि इंसान को जीवन की हर चीज अपनी पसंद और महत्वाकांक्षाओं के हिसाब से चलाने की कोशिश नहीं करनी चाहिए. इसके बजाय जिंदगी में जो कुछ भी सामने आए, उसे स्वीकार करते हुए आगे बढ़ना सीखना चाहिए.

उन्होंने बताया कि जीवन के सामने समर्पण करने का मतलब कोशिश करना छोड़ देना या निष्क्रिय हो जाना नहीं है. इसका असली मतलब अपने अहंकार और हर चीज को अपने कंट्रोल में रखने की आदत से बाहर निकलना है. जीवन जिस दिशा में आगे बढ़ रहा है, उसमें पूरे मन से शामिल होना ही किताब का मुख्य संदेश है.

चौबे का मानना है कि यह किताब सिर्फ आध्यात्मिकता में रुचि रखने वालों के लिए नहीं, बल्कि हर उस व्यक्ति के लिए उपयोगी है जो जिंदगी में सफलता, असफलता, निराशा और अचानक आने वाली मुश्किलों का सामना करता है. ऐसे समय में यह किताब शांत और संतुलित रहने की सीख देती है.

उन्होंने ‘द सरेंडर एक्सपेरिमेंट’ को दिलचस्प, सोचने पर मजबूर करने वाली और आध्यात्मिक रूप से समृद्ध करने वाली किताब बताया. इसे पढ़ने के बाद अब उन्होंने माइकल ए. सिंगर की एक और चर्चित किताब ‘द अनटेदर्ड सोल’ (The Untethered Soul) पढ़ना शुरू कर दिया है. चौबे ने जीवन को बेहतर ढंग से समझने और खुद के विकास में रुचि रखने वाले लोगों से भी इस किताब को पढ़ने की अपील की है.

यह भी पढ़ें-तस्वीर पर बवाल, मंच से सीधा वार! सम्राट चौधरी ने खोली विरोधियों की पोल, पीएम मोदी के दौरे ने पलट दी बिहार की बाजी

-भारत एक्सप्रेस 



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

UP Tourism