Bharat Express DD Free Dish
Chhath Puja 2026
Chhath Puja 2026

भारत की भाषाई विविधता से प्रभावित हुए पुतिन, बोले- 150 करोड़ लोगों के बीच इतनी भाषाएं होना बेहद अद्भुत

Putin Praises India’s Linguistic Diversity: रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने भारत की भाषाई विविधता और प्राचीन सभ्यता की सराहना की. पीएम नरेंद्र मोदी के साथ हुई बातचीत का जिक्र करते हुए पुतिन ने भारत की बहुसांस्कृतिक पहचान को बेहद अद्भुत बताया.

Putin Praises India’s Linguistic Diversity

भारत की भाषाई विविधता से प्रभावित हुए पुतिन

Putin Praises India’s Linguistic Diversity: भारत अपनी सांस्कृतिक और भाषाई विविधता के लिए दुनिया भर में जाना जाता है. अलग-अलग राज्यों और क्षेत्रों में लोगों की अपनी भाषा, बोली और परंपराएं हैं. रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन भी भारत की इसी विशेषता से प्रभावित नजर आए. उन्होंने भारतीय भाषाओं की विविधता को बेहद अनोखा बताते हुए इसकी खुलकर सराहना की. उनके मुताबिक, इतनी बड़ी आबादी वाले देश में इतनी भाषाई विविधता वास्तव में हैरान कर देने वाली है.

 

 

पीएम मोदी से हुई बातचीत का किया जिक्र

सर्बियाई फिल्म निर्देशक एमिर कुस्टुरिका को दिए एक इंटरव्यू के दौरान पुतिन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ हुई हालिया बातचीत का उल्लेख किया. उन्होंने बताया कि भारत की आबादी करीब 150 करोड़ है. पुतिन के अनुसार, इनमें लगभग 60 करोड़ लोग एक प्रमुख भाषा का इस्तेमाल करते हैं, जबकि बाकी आबादी विभिन्न क्षेत्रीय भाषाओं और बोलियों में संवाद करती है. उन्होंने कहा कि इतने बड़े स्तर पर भाषाओं का यह विस्तार काफी अद्भुत है.

भारतीय सभ्यता की भी जमकर तारीफ

रूसी राष्ट्रपति ने केवल भाषाओं तक ही अपनी बात सीमित नहीं रखी. उन्होंने भारत की प्राचीन सभ्यता और सांस्कृतिक विरासत की भी प्रशंसा की. पुतिन ने कहा कि भारत की विविध सांस्कृतिक पहचान उसे दुनिया के अन्य देशों से अलग बनाती है. उनका मानना है कि प्रधानमंत्री मोदी के साथ बातचीत से उन्हें भारतीय समाज और सभ्यता को और बेहतर तरीके से समझने का अवसर मिला.

रूस की सांस्कृतिक संरचना का भी किया जिक्र

भारत की विविधता पर चर्चा करते हुए पुतिन ने रूस के सामाजिक और सांस्कृतिक ढांचे के बारे में भी बात की. उन्होंने कहा कि रूस में विभिन्न समुदायों और जातीय समूहों को अपनी परंपराओं, धार्मिक मान्यताओं, भाषाओं और सांस्कृतिक पहचान को सुरक्षित रखने का अवसर मिला है. यही कारण है कि रूस में भी विविधता के बावजूद एकता बनी हुई है.

ये भी पढ़ें-भारत पहुंचे नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह, पीएम मोदी से मुलाकात पर टिकी नजर; कई अहम मुद्दों पर हो सकती है चर्चा

रूसी सभ्यता की विशेषता बताई

पुतिन ने कहा कि रूसी सभ्यता की सबसे बड़ी ताकत यह रही है कि उसने अलग-अलग समुदायों को अपनी मूल पहचान के साथ आगे बढ़ने का अवसर दिया है. उनके अनुसार, रूस ने कभी यह कोशिश नहीं की कि सभी समुदायों को एक जैसी पहचान में ढाला जाए. उन्होंने कहा कि विभिन्न समूहों की परंपराओं, भाषाओं और आध्यात्मिक मूल्यों का सम्मान करना ही रूसी सभ्यता की प्रमुख विशेषताओं में से एक है. इसी संदर्भ में उन्होंने भारत की बहुभाषी और बहुसांस्कृतिक व्यवस्था की भी सराहना की, जिसे उन्होंने दुनिया के लिए एक अनूठा उदाहरण बताया.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

UP Tourism