भारतीय कला, साहित्य, संगीत, नृत्य, नाट्य एवं लोक परंपराओं के संरक्षण, संवर्धन और सांस्कृतिक चेतना के विस्तार के संकल्प के साथ संस्कार भारती की अखिल भारतीय साधारण सभा का उद्घाटन सत्र भव्य एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ. देश के विभिन्न प्रांतों से पहुंचे कला साधकों, विभिन्न कला विभागों के प्रतिनिधियों, पदाधिकारियों और समर्पित कार्यकर्ताओं की व्यापक उपस्थिति ने इस सभा को राष्ट्रीय स्वरूप प्रदान किया.
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से आगाज
उद्घाटन सत्र में मुख्य अतिथि के रूप में लक्ष्मी चंद स्टेट यूनिवर्सिटी ऑफ परफॉर्मिंग एंड विजुअल आर्ट्स के कुलपति अमित आर्य उपस्थित रहे. मंच पर क्षेत्र संघचालक पवन जिंदल, अभिनेता एवं संस्कार भारती के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नितीश भारद्वाज, अखिल भारतीय अध्यक्ष डॉ. मैसूर मंजुनाथन, अखिल भारतीय महामंत्री अश्विन दलवी तथा संस्कार भारती हरियाणा के प्रांत अध्यक्ष डॉ. नेमचंद गर्ग की गरिमामयी उपस्थिति रही.

कार्यक्रम का मंच संचालन मंचीय कला विभाग के अखिल भारतीय संयोजक देवेंद्र रावत ने किया. सत्र की शुरुआत कलाकारों द्वारा नृत्य के माध्यम से संस्कार भारती के ध्येय गीत की प्रस्तुति और उसके बाद बच्चों द्वारा प्रस्तुत राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ से हुई, जिसने वातावरण को राष्ट्रभक्ति और सांस्कृतिक गरिमा से भर दिया.
कला साधकों का सम्मान
मुख्य अतिथि अमित आर्य ने अपने उद्बोधन में भारतीय कला व संस्कृति की समृद्ध परंपरा के संरक्षण पर जोर देते हुए कला को समाज की संवेदनशीलता और सांस्कृतिक पहचान की महत्वपूर्ण अभिव्यक्ति बताया. वहीं, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नितीश भारद्वाज ने सांस्कृतिक विरासत को जीवंत बनाए रखने तथा कला के माध्यम से समाज में सांस्कृतिक चेतना के प्रसार के महत्व को रेखांकित किया.

इस अवसर पर अखिल भारतीय अध्यक्ष डॉ. मैसूर मंजुनाथन ने मुख्य अतिथि अमित आर्य और क्षेत्र संघचालक पवन जिंदल का सम्मान किया, साथ ही हरियाणा की कला व लोक परंपराओं को समृद्ध करने वाले आठ प्रतिष्ठित कला साधकों को सम्मानित किया.
- संगीता मूर्ति
- मनीष जोशी
- धर्म सिंह
- सुमित्रा गुहा
- महावीर गुड्डू
- महेश जोशी
- सुदेश
- गौतम
संवाद, समन्वय और धन्यवाद ज्ञापन
संगीत, नृत्य, नाट्य, साहित्य, चित्रकला, लोककला और मंचीय कला सहित विविध विधाओं से जुड़े साधकों की सहभागिता ने संगठनात्मक संवाद, अनुभवों के आदान-प्रदान और भविष्य की सांस्कृतिक गतिविधियों की दिशा तय करने का मंच तैयार किया.

कार्यक्रम के अंत में संस्कार भारती हरियाणा के प्रांत अध्यक्ष डॉ. नेमचंद गर्ग ने मुख्य अतिथि, मंचासीन अतिथियों, अखिल भारतीय पदाधिकारियों, विभिन्न प्रांतों से आए कला साधकों, कार्यकर्ताओं और आयोजन में सहयोग देने वाले सभी लोगों के प्रति धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



