Bharat Express DD Free Dish
Chhath Puja 2026
Chhath Puja 2026

सिर्फ मिनिमम ड्यू भरने की आदत पड़ सकती है भारी, 40% तक ब्याज से खाली हो सकती है जेब; CIBIL स्कोर पर भी असर

Credit Card Minimum Due: क्रेडिट कार्ड का पूरा बिल चुकाने के बजाय सिर्फ मिनिमम अमाउंट ड्यू भरने से बाकी बकाया राशि पर भारी ब्याज लग सकता है. लगातार मिनिमम पेमेंट करने से कर्ज बढ़ने, ब्याज फ्री पीरियड खत्म होने और CIBIL स्कोर प्रभावित होने का खतरा रहता है.

Credit Card Minimum Due Payment Trap

Credit Card Minimum Due Payment Trap

Credit Card Minimum Due: देश में लाखों लोग शॉपिंग, ऑनलाइन खरीदारी, फिल्म टिकट, हवाई टिकट और महंगे सामान को EMI पर खरीदने के लिए क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल करते हैं. बैंक ग्राहकों की पात्रता के अनुसार क्रेडिट कार्ड की अलग-अलग लिमिट तय करते हैं. आमतौर पर क्रेडिट कार्ड की कुल लिमिट का 30 फीसदी तक इस्तेमाल करना बेहतर माना जाता है. लेकिन कई बार लोग अपनी क्षमता से ज्यादा खर्च कर देते हैं और बिल चुकाने की बारी आने पर पूरी रकम के बजाय सिर्फ मिनिमम अमाउंट ड्यू (MAD) भरते हैं. शुरुआत में यह आसान विकल्प लग सकता है, लेकिन लंबे समय तक ऐसा करना आपकी जेब पर भारी पड़ सकता है.

क्या होता है क्रेडिट कार्ड का मिनिमम अमाउंट ड्यू?

क्रेडिट कार्ड से की गई खरीदारी और दूसरे ट्रांजैक्शन का भुगतान निर्धारित ड्यू डेट तक करना होता है. बैंक हर महीने ग्राहक को बिल भेजता है, जिसमें कुल बकाया राशि और मिनिमम अमाउंट ड्यू दोनों की जानकारी होती है. मिनिमम अमाउंट ड्यू वह न्यूनतम रकम होती है, जिसे जमा करके ग्राहक लेट पेमेंट फीस से बच सकता है. आमतौर पर यह कुल बकाया राशि का करीब 5 फीसदी हो सकती है. हालांकि, इसकी गणना बैंक और कार्ड की शर्तों के अनुसार अलग-अलग होती है. एक्सपर्ट के मुताबिक, केवल मिनिमम ड्यू भरने से आपका पूरा कर्ज खत्म नहीं होता. इससे सिर्फ भुगतान में देरी से जुड़ी कुछ परेशानियों से बचाव हो सकता है, जबकि बाकी रकम पर ब्याज लगता रहता है.

95 फीसदी बकाया राशि पर लग सकता है भारी ब्याज

मान लीजिए आपके क्रेडिट कार्ड का कुल बिल 50,000 रुपये है. अगर बैंक ने मिनिमम ड्यू 5 फीसदी तय किया है, तो आपको 2,500 रुपये जमा करने होंगे. ऐसे में बाकी 47,500 रुपये बकाया रह जाएंगे. इस बची हुई रकम पर बैंक ब्याज वसूल सकता है. क्रेडिट कार्ड पर ब्याज दरें आमतौर पर काफी अधिक होती हैं. कई कार्डों पर यह 3 से 4 फीसदी प्रतिमाह तक हो सकती हैं. सालाना आधार पर यह दर करीब 36 से 48 फीसदी तक पहुंच सकती है. अगर आप लगातार कई महीनों तक सिर्फ मिनिमम ड्यू भरते हैं, तो ब्याज और टैक्स के कारण आपका कुल बकाया तेजी से बढ़ सकता है. इससे कर्ज चुकाना और मुश्किल हो जाता है.

ब्याज फ्री पीरियड भी हो सकता है खत्म

क्रेडिट कार्ड का सबसे बड़ा फायदा ब्याज मुक्त अवधि होती है. इस दौरान ग्राहक निर्धारित शर्तों के तहत खरीदारी की रकम बिना ब्याज चुका सकता है. लेकिन पूरा बिल समय पर नहीं चुकाने पर यह सुविधा प्रभावित हो सकती है. ऐसी स्थिति में नए ट्रांजैक्शन पर भी ब्याज लग सकता है. इसके अलावा बकाया राशि पर ब्याज, उस पर लागू टैक्स और अन्य शुल्क आर्थिक बोझ बढ़ा सकते हैं.

CIBIL स्कोर और क्रेडिट लिमिट पर भी असर

लगातार केवल मिनिमम ड्यू भरने से आपका क्रेडिट यूटिलाइजेशन रेश्यो बढ़ा रह सकता है. इससे क्रेडिट प्रोफाइल कमजोर हो सकती है. वहीं, भुगतान में देरी या डिफॉल्ट होने पर CIBIL स्कोर पर नकारात्मक असर पड़ सकता है.

क्रेडिट कार्ड के कर्ज से कैसे बचें?

वित्तीय जानकार सलाह देते हैं कि क्रेडिट कार्ड से उतना ही खर्च करें, जितना ड्यू डेट तक चुका सकें. कोशिश करें कि हर महीने पूरा बिल जमा करें. क्रेडिट लिमिट का 30 फीसदी से कम इस्तेमाल रखना बेहतर माना जाता है. अगर किसी महीने खर्च ज्यादा हो गया है, तो मिनिमम ड्यू के बजाय पूरी बकाया राशि चुकाने की योजना बनाएं. इससे आप अनावश्यक ब्याज और कर्ज के जाल से बच सकते हैं.

भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

UP Tourism