Bharat Express DD Free Dish
Chhath Puja 2026
Chhath Puja 2026

खीमपुर, धार और कन्नौज में भीषण सड़क हादसे: 12 लोगों की मौत, स्कूल बस के चार बच्चों ने गंवाई जान

Road Accident News: उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी और कन्नौज के साथ मध्य प्रदेश के धार में तीन दर्दनाक सड़क हादसों में कुल 12 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हैं. कन्नौज में पिकनिक पर जा रही स्कूल बस को तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी, जिसमें चार बच्चों की मौत हो गई और करीब 20 घायल हो गए.

Up- Mp Road Accident

Up- Mp Road Accident

Up- Mp Road Accident: उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में सड़क हादसों ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं. यूपी के लखीमपुर खीरी, कन्नौज और मध्य प्रदेश के धार जिले में हुए तीन अलग-अलग भीषण सड़क हादसों में कुल 12 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. सबसे दर्दनाक हादसा कन्नौज में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर हुआ, जहां तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे खड़ी स्कूल बस को पीछे से टक्कर मार दी. हादसे में चार बच्चों की मौत हो गई, जबकि करीब 20 लोग घायल हो गए. तीनों घटनाओं के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया.

लखीमपुर-निघासन रोड पर ट्रक और ओमनी वैन की भिड़ंत, चार की मौत

लखीमपुर खीरी में लखीमपुर-निघासन रोड पर खंभारखेड़ा चीनी मिल के सामने ट्रक और ओमनी वैन की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि वैन में सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. जानकारी के मुताबिक, ओमनी वैन लखीमपुर से निघासन की ओर जा रही थी. इसी दौरान खंभारखेड़ा चीनी मिल के सामने सामने से आ रहे ट्रक से उसकी टक्कर हो गई. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया. हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की.

धार में पिकअप ने बाइक को मारी टक्कर, चार चचेरे भाई-बहनों की मौत

मध्य प्रदेश के धार जिले में भी एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ. यहां बिड़वाल के पास तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में बाइक सवार चार चचेरे भाई-बहनों की मौत हो गई. चारों मृतक पांदा गांव के रहने वाले थे और एक धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए जा रहे थे. इसी दौरान रास्ते में पिकअप वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी. हादसा इतना गंभीर था कि चारों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. दुर्घटना के बाद पिकअप चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया. पुलिस उसकी तलाश में जुटी है.

कन्नौज में स्कूल बस को ट्रक ने मारी टक्कर, चार बच्चों की मौत

सबसे बड़ा हादसा कन्नौज में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर ठठिया थाना क्षेत्र में माइलस्टोन 210 के पास हुआ. मंगलवार तड़के कौशांबी से कन्नौज पिकनिक मनाने जा रही स्कूल बस को तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का पिछला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार बच्चे अंदर ही फंस गए. बताया जा रहा है कि बस कौशांबी जिले के सिराथू क्षेत्र के अफजलपुरवारी स्थित ओरिएंटल पब्लिक स्कूल की थी. बस में करीब 50 बच्चे और छह शिक्षक सवार थे. माइलस्टोन 210 के पास बस चालक ने बच्चों के टॉयलेट जाने के लिए वाहन सड़क किनारे रोक दिया था. इसी दौरान आगरा की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने खड़ी बस में पीछे से टक्कर मार दी.

हादसे के बाद बस के अंदर चीख-पुकार मच गई. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहगीरों की मदद से राहत एवं बचाव अभियान शुरू कराया. बस में फंसे बच्चों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया. इस हादसे में चार बच्चों की मौत हो गई, जबकि करीब 20 लोग घायल हुए हैं.

मृतकों में 14 से 17 साल के चार छात्र शामिल

हादसे में जान गंवाने वाले बच्चों की पहचान आर्यन चौरसिया (14), रजिउल्ला (16), जैदमिर्जा (17) और अरमान (17) के रूप में हुई है. इनमें आर्यन प्रेम कुमार चौरसिया का पुत्र था. वहीं रजिउल्ला शमी उल्ला का बेटा था. जैदमिर्जा और अरमान दोनों फतेहपुर के अलग-अलग गांवों के रहने वाले थे. घायलों में कई छात्र शामिल हैं. इनमें अस्मित चौरसिया, अदुर रहमान, उमेशारा, अहमद रजा, अभिषेक कुमार, मुजस्सिम शेख, अरब्ध गुप्ता और सलमान सिद्दिकी के नाम सामने आए हैं. इसके अलावा बस के स्टाफ के पांच सदस्य और चालक मोहम्मद जाहिद भी घायल हुए हैं.

तीन हादसों ने फिर उठाए सड़क सुरक्षा पर सवाल

लखीमपुर, धार और कन्नौज में हुए इन हादसों ने एक बार फिर तेज रफ्तार और सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. कहीं आमने-सामने की टक्कर ने चार जिंदगियां छीन लीं, तो कहीं पिकअप की टक्कर से एक ही परिवार के चार बच्चों की मौत हो गई. वहीं कन्नौज में स्कूल बस में सवार बच्चों के लिए पिकनिक का सफर जिंदगी का आखिरी सफर बन गया. तीनों हादसों में कुल 12 लोगों की मौत ने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है.

भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

UP Tourism