फरवरी 2020 के दिल्ली दंगों की कथित साजिश रचने के मामले में आरोपी उमर खालिद और शरजील इमाम की ओर से दायर याचिकाओं पर 25 नवंबर को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई होगी. इस मामले की सुनवाई भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस वी. मोहना की पीठ करेगी. इससे पहले दिल्ली हाई कोर्ट ने दोनों आरोपियों को जमानत देने से इनकार कर दिया था, जिसके बाद दोनों ने राहत की उम्मीद में सुप्रीम कोर्ट का रुख किया है.
जनवरी 2026 में सुप्रीम कोर्ट ने दी थी ये शर्त
इससे पहले 5 जनवरी 2026 को सुप्रीम कोर्ट ने उमर खालिद और शरजील इमाम को जमानत देने से इनकार करते हुए उन्हें कथित साजिश का “वैचारिक सूत्रधार” बताया था, हालांकि इसी मामले में गुलफिशा फातिमा समेत पांच अन्य आरोपियों को जमानत मिल चुकी है. जमानत खारिज करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने एक साल तक दोबारा जमानत न मांगने की शर्त लगाई थी, साथ ही यह भी कहा था कि यदि सुरक्षित गवाहों की गवाही इससे पहले पूरी हो जाती है तो वे दोबारा जमानत की अर्जी दे सकते हैं. नई याचिकाओं में कहा गया है कि एक साल की यह रोक समाप्त होने वाली है, जबकि सुरक्षित गवाहों की गवाही 5 जनवरी 2027 तक पूरी होने की संभावना नहीं है, और दोनों लंबे समय से जेल में बंद हैं.
हाई कोर्ट ने ठुकराई थी समानता की दलील
हाई कोर्ट में सुनवाई के दौरान शरजील इमाम के वकील ने दलील दी थी कि सह-आरोपियों तसलीम अहमद और खालिद सैफी को ट्रायल में देरी के आधार पर जमानत मिल चुकी है, इसलिए उन्हें भी उसी आधार पर राहत मिलनी चाहिए. हालांकि, हाई कोर्ट ने इस दलील को अस्वीकार करते हुए कहा था कि तसलीम अहमद और खालिद सैफी की भूमिका उमर खालिद और शरजील इमाम से अलग है, इसलिए समानता (Parity) के आधार पर जमानत नहीं दी जा सकती.
सुनवाई के दौरान कोर्ट ने पूछा था कि क्या पक्ष जनवरी 2027 के पहले सप्ताह तक प्रतीक्षा करना चाहेंगे और बताया था कि सुप्रीम कोर्ट में दूसरे आरोपी अथर खान की जमानत याचिका भी लंबित है, जिस पर दोनों के वकीलों ने जनवरी तक इंतजार न करने और हाई कोर्ट से तत्काल आदेश देने पर जोर दिया था.
निचली अदालत का घटनाक्रम
दिल्ली पुलिस ने अपने जवाब में दोनों आरोपियों को 2020 के दिल्ली दंगों का “मास्टरमाइंड” बताते हुए उनकी जमानत याचिकाओं को कानूनी रूप से टिकने लायक नहीं कहा था. पुलिस ने यह भी उल्लेख किया था कि सुप्रीम कोर्ट ने जनवरी 2026 में दोनों की भूमिका को “कमांड ऑथोरिटी” वाला बताते हुए अन्य सह-आरोपियों से भिन्न माना था. इससे पहले कड़कड़डूमा कोर्ट ने 4 जुलाई को दोनों की जमानत अर्जी खारिज करते हुए कहा था कि सुप्रीम कोर्ट ने UAPA मामलों में जमानत से जुड़े प्रश्न को बड़ी पीठ के पास भेजा है.
उल्लेखनीय है कि उमर खालिद, शरजील इमाम, गुलफिशा फातिमा, मीरान हैदर, शिफा उर रहमान, मोहम्मद सलीम खान और शादाब अहमद पर UAPA और भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत आरोप दर्ज हैं.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



