(AI Image)
Stock Market Holiday Today: गुरु नानक जयंती के पावन अवसर पर आज मंगलवार, 24 नवंबर 2026 को भारतीय शेयर बाजार बंद हैं. बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) के प्रमुख सेगमेंट्स में आज कोई कारोबार नहीं होगा. अब बाजार में सामान्य ट्रेडिंग कल यानी बुधवार, 25 नवंबर से फिर से शुरू होगी.
कुल मिलाकर, गुरु नानक जयंती के चलते आज इक्विटी और करेंसी बाजार के निवेशकों के लिए अवकाश है, जबकि कमोडिटी ट्रेडिंग शाम के सत्र में खुलेगी. सोमवार की बड़ी गिरावट के बाद अब निवेशकों की नजरें बुधवार को बाजार खुलने पर टिकी रहेंगी कि विदेशी निवेशकों के मजबूत प्रवाह के बीच भारतीय बाजार किस करवट बैठता है.
किन सेगमेंट्स में बंद रहेगा कारोबार और कमोडिटी की क्या है टाइमिंग?
आज दोनों प्रमुख एक्सचेंजों पर इक्विटी, इक्विटी डेरिवेटिव्स, सिक्योरिटीज लेंडिंग एंड बॉरोइंग (SLBs), करेंसी डेरिवेटिव्स और इंटरेस्ट रेट डेरिवेटिव्स में ट्रेडिंग पूरी तरह बंद रहेगी. हालांकि, कमोडिटी डेरिवेटिव्स सेगमेंट में सुबह का सत्र (सुबह 9:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक) बंद रहेगा, लेकिन शाम के सत्र में शाम 5:00 बजे से रात 11:30/11:55 बजे तक कारोबार जारी रहेगा.
सोमवार को बाजार में दिखी थी बड़ी गिरावट
छुट्टी से ठीक पहले सोमवार, 23 नवंबर को भारतीय शेयर बाजार में भारी मुनाफावसूली देखने को मिली थी और दो दिनों की तेजी पर ब्रेक लग गया था. कारोबार के अंत में सेंसेक्स 1,483.72 अंक (1.77%) टूटकर 82,435.99 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 450.95 अंक (1.75%) गिरकर 25,349.65 के स्तर पर आ गया. यह पिछले करीब पांच महीनों में निफ्टी की सबसे बड़ी एकदिवसीय गिरावट थी.
कौन से शेयर टूटे और रुपये का क्या रहा हाल?
सोमवार को ऑटो, मेटल और बैंकिंग शेयरों में चौतरफा बिकवाली रही, जिसमें टाटा स्टील, एक्सिस बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, हिंडाल्को और एचडीएफसी बैंक टॉप लूजर्स रहे. वहीं टीसीएस, टेक महिंद्रा, श्रीराम फाइनेंस, एचसीएल टेक और टाइटन के शेयरों में तेजी दर्ज की गई. इसके अलावा, अमेरिकी डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपया भी पांच दिनों की बढ़त तोड़ते हुए 24 पैसे कमजोर होकर 92.91 के स्तर पर बंद हुआ.
आगे कैसी रह सकती है बाजार की चाल?
मार्केट एक्सपर्ट्स के मुताबिक, वैश्विक बाजारों में कमजोरी और मंथली एक्सपायरी के दबाव के चलते बाजार में यह करेक्शन आया है. जानकारों का मानना है कि निफ्टी के लिए 25,000 से 25,300 का स्तर अहम सपोर्ट का काम करेगा, जबकि ऊपरी स्तरों पर 25,650 से 25,800 के बीच रेजिस्टेंस देखने को मिल सकता है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




