दिल्ली एनसीआर मौसम
Delhi NCR Weather: राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है. ठंडी उत्तरी हवाओं और साफ आसमान के कारण रात और सुबह के समय ठंड बढ़ रही है. वहीं दिन में तेज धूप निकलने से लोगों को कुछ राहत मिल रही है. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक आने वाले दिनों में तापमान में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा और सुबह के समय कोहरा भी परेशान कर सकता है.
मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली-NCR में अधिकतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है. वहीं, न्यूनतम तापमान 8 से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. सुबह और रात के समय ठंड का असर ज्यादा महसूस होगा, जबकि दिन में धूप से राहत मिलती रहेगी.
आज आसमान में रहेगी हल्की धुंध
एनसीआर में अधिकतम पारा लगभग 24 से 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है. वहीं, सुबह और शाम के समय न्यूनतम पारा 8 डिग्री से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रह सकता है. 26 नवंबर को दिन आसमान में हल्की धुंध रहने की संभावना है. अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. 27 नवंबर को मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा और घना कोहरा छाने की संभावना है.
हालांकि, सुबह के समय यह उथला कोहरा हो सकता है. इस दिन अधिकतम तापमान 25 डिग्री और न्यूनतम 9 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है. 28 नवंबर को दिन भी कोहरा रहने का पूर्वानुमान है, जो मध्यम स्तर का हो सकता है. तापमान में और गिरावट दर्ज होगी, जहां अधिकतम तापमान 25 डिग्री और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है.
29-30 नवंबर को ऐसा रहेगा मौसम
29 और 30 नवंबर को मौसम का मिजाज लगभग एक जैसा रहेगा. दोनों ही दिनों में मध्यम कोहरा छाए रहने की संभावना है. अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस के आसपास स्थिर रहेगा. 1 दिसंबर को अधिकतम तापमान 24 डिग्री और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क सकता है. मौसम में आ रहे इस बदलाव के बीच दिल्ली-एनसीआर के लोगों के लिए राहत की खबर यह है कि अभी फिलहाल वायु गुणवत्ता सूचकांक में आंशिक सुधार देखने को मिल रहा है.
ये भी पढ़ें- H-1B Visa: H-1B पर सख्ती कहीं अमेरिकियों पर ही न पड़ जाए भारी? स्टडी का चौंकाने वाला दावा
ज्यादातर इलाकों में एक्यूआई ऑरेंज जोन में बना हुआ है, जो कि पिछले कुछ दिनों की तुलना में बेहतर स्थिति है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



