यूरोप में पहचान छिपाने वाले परिधानों को लेकर छिड़ी बहस के बीच इटली में प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी की सरकार का नया शिक्षा कानून लागू होने के बाद बड़ा विवाद खड़ा हो गया है. संसद के निचले सदन (चैंबर ऑफ डेप्युटीज) से 142 वोटों के साथ अंतिम मंजूरी मिलने के बाद यह कानून प्रभावी हो गया है; इससे पहले 20 नवंबर को सीनेट ने इसे हरी झंडी दी थी.
कानून में स्कूलों में चेहरा ढकने पर रोक लगाने के साथ विदेशी छात्रों के दाखिले की सीमा तय करने और इटैलियन भाषा से जुड़े प्रावधान शामिल हैं, लेकिन सबसे ज्यादा हंगामा बुर्का और नकाब को लेकर छिड़ा है.
स्कूलों में चेहरा ढकने पर रोक
नए शिक्षा कानून के तहत स्कूलों में ऐसा कोई परिधान पहनने पर पाबंदी लगाई गई है, जिससे छात्र की पहचान छिपे या मुश्किल हो. इसका सीधा असर बुर्का और नकाब पहनकर स्कूल-कॉलेज जाने वाली छात्राओं पर पड़ने की आशंका है. नियम के मुताबिक, यदि कोई छात्र चेहरा ढककर आता है और पहचान स्पष्ट नहीं करता, तो उसे शैक्षणिक गतिविधियों में शामिल होने की अनुमति नहीं दी जाएगी. सरकार का कहना है कि इसका मकसद परिसर में छात्रों की पहचान सुनिश्चित करना है, जबकि आलोचक इसे धार्मिक स्वतंत्रता और भेदभाव से जोड़कर विरोध कर रहे हैं.
विदेशी छात्रों पर 30 प्रतिशत कैपिंग और भाषा पर जोर
इस कानून के तहत पहली कक्षा में कुछ विदेशी छात्रों की संख्या कुल विद्यार्थियों के मुकाबले 30 प्रतिशत तक सीमित करने का प्रावधान किया गया है, हालांकि जिन बच्चों की इटैलियन भाषा पर अच्छी पकड़ है उन्हें इस सीमा में कुछ छूट मिल सकती है. किसी स्कूल में 30 प्रतिशत की सीमा पूरी होने पर अधिकारियों को आसपास के अन्य स्कूलों में दाखिले की व्यवस्था करनी होगी.
इसके अलावा कानून में इटैलियन भाषा सीखने पर जोर देने के साथ डिजिटल किताबों को बढ़ावा देने, दिव्यांग छात्रों की सहायता और शिक्षकों की भर्ती से जुड़े नियम भी शामिल हैं.
ये भी पढ़ें- मोदी सरकार परिसीमन को तैयार… 815 सांसद होंगे तो कितना बढ़ेगा खर्च? जानें सैलरी, भत्ते, घर सबका हिसाब
‘स्कूल में कोई विदेशी नहीं’ के नारे
नए शिक्षा कानून को लेकर इटली की सियासत भी गरमा गई है. विपक्षी दलों ने इसे भेदभावपूर्ण करार देते हुए कड़ा विरोध जताया और संसद में मतदान के दौरान विपक्षी सांसदों ने ‘स्कूल में कोई विदेशी नहीं होता’ के प्लेकार्ड दिखाए. विवादों के बावजूद सरकार इस कानून को शिक्षा व्यवस्था में सुधार और मानकीकरण की दिशा में अहम कदम बता रही है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



