Bharat Express DD Free Dish
Chhath Puja 2026
Chhath Puja 2026

परिसीमन बिल पर शरद पवार की पार्टी का अलग रुख, कांग्रेस ने याद दिलाया पुराना साथ; INDIA गठबंधन में बढ़ी खींचतान

संसद के विशेष सत्र से पहले परिसीमन बिल को लेकर INDIA गठबंधन में मतभेद गहराते नजर आ रहे हैं. शरद पवार की NCP-SP ने इस विधेयक के समर्थन में वोट करने का फैसला किया है, जिससे कांग्रेस नाराज है.

संसद के विशेष सत्र से पहले विपक्षी INDIA गठबंधन के भीतर सबकुछ ठीक नहीं चल रहा है. परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक को लेकर विपक्षी दलों के बीच मतभेद खुलकर सामने आने लगे हैं. इस बार कांग्रेस और शरद पवार की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP-SP) आमने-सामने नजर आ रही हैं. शरद पवार की पार्टी ने साफ कर दिया है कि वह परिसीमन बिल पर INDIA गठबंधन के साथ नहीं खड़ी होगी, बल्कि सदन में इस विधेयक के समर्थन में वोट करेगी. पार्टी के इस रुख से कांग्रेस नाराज है.

महाराष्ट्र कांग्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट के जरिए शरद पवार की पार्टी को पुरानी बात याद दिलाई है. कांग्रेस ने अपने पोस्ट में बताया कि किस तरह उसने मुश्किल समय में शरद पवार को राज्यसभा पहुंचाने के लिए अपना दावा तक छोड़ दिया था.

कांग्रेस ने राज्यसभा चुनाव का दिया हवाला

कांग्रेस ने मार्च में हुए महाराष्ट्र के राज्यसभा चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय राज्य की सात सीटों के लिए चुनाव होना था. शरद पवार की पार्टी के पास महज 10 विधायक थे, जबकि राज्यसभा की एक सीट जीतने के लिए 36 वोटों की जरूरत थी.


दूसरी तरफ कांग्रेस के पास 16 और शिवसेना (UBT) के पास 20 विधायक थे. कांग्रेस के मुताबिक, सुप्रिया सुले ने शरद पवार की उम्मीदवारी के लिए पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से समर्थन मांगा था. इसके बाद कांग्रेस ने अपनी सीट पर दावा छोड़कर पवार का समर्थन किया. शिवसेना (UBT) ने भी इस फैसले में साथ दिया और महाविकास अघाड़ी ने सर्वसम्मति से शरद पवार को उम्मीदवार बनाने का निर्णय लिया.

अब कांग्रेस इसी घटनाक्रम को याद दिलाकर NCP-SP के मौजूदा रुख पर सवाल उठा रही है. पार्टी का कहना है कि जब उसने शरद पवार को राज्यसभा भेजने के लिए अपना राजनीतिक हित पीछे रखा था, तब उसे उम्मीद थी कि मुश्किल राजनीतिक मुद्दों पर सहयोगी दल भी साथ खड़े होंगे.

कांग्रेस ने अपने पोस्ट में तंज कसते हुए कहा कि जिस शरद पवार, सुप्रिया सुले और उनकी पार्टी को उसने उस समय पूरा समर्थन दिया था, वही अब परिसीमन के मुद्दे पर बीजेपी के साथ खड़ी दिखाई दे रही है.

INDIA गठबंधन की रणनीति पर भी सवाल

परिसीमन के मुद्दे पर विपक्षी दलों के बीच मतभेद का मामला अब केवल कांग्रेस और NCP-SP तक सीमित नहीं रह गया है. शुक्रवार को कांग्रेस की एक बैठक में भी इस मुद्दे पर चर्चा हुई थी. बैठक के दौरान पार्टी ने संकेत दिया कि अगर कोई दल विपक्ष की साझा रणनीति से अलग रास्ता अपनाता है, तो इसका असर INDIA गठबंधन के कामकाज पर पड़ सकता है.

दरअसल, सरकार के बुलाए गए संसद के विशेष सत्र में परिसीमन और महिला आरक्षण से संबंधित संविधान संशोधन विधेयक पेश किए जाने की तैयारी है. ऐसे में विपक्षी दलों के लिए इस मुद्दे पर एक साझा रुख बनाना अहम माना जा रहा है.

सुप्रिया सुले INDIA गठबंधन की बैठक में नहीं होंगी शामिल

इस बीच शनिवार को कांग्रेस ने परिसीमन और संसद के विशेष सत्र को लेकर INDIA गठबंधन के नेताओं की बैठक बुलाई है. हालांकि, NCP-SP सांसद सुप्रिया सुले इस बैठक में शामिल नहीं होंगी.

सुप्रिया सुले ने शुक्रवार को बताया कि वह सोमवार को दिल्ली के लिए रवाना होंगी. उन्होंने इसकी वजह शरद पवार का अस्पताल में होना बताया. उनके मुताबिक, पिता की तबीयत और अस्पताल में उनकी मौजूदगी के चलते वह फिलहाल दिल्ली नहीं जा पाएंगी.

हालांकि, सुप्रिया सुले ने यह भी स्पष्ट किया कि उनकी पार्टी के दूसरे नेता INDIA गठबंधन की बैठक में हिस्सा लेंगे.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

UP Tourism