Bharat Express DD Free Dish
Chhath Puja 2026
Chhath Puja 2026

KBC को मिला इस सीजन का पहला करोड़पति, कभी जेब में सिर्फ 24 रुपये लेकर पहुंचे थे मुंबई

Bhushan Thakre KBC: महाराष्ट्र के जलगांव के भूषण ठाकरे ने KBC 18 में एक करोड़ रुपये जीते हैं. कभी वह सिर्फ 24 रुपये लेकर मुंबई पहुंचे थे. जानिए मजदूर पिता और मां के संघर्ष के बीच उनकी पढ़ाई और सफलता की कहानी.

kbc-first-crorepati-bhushan-thakre-story

KBC के पहले करोड़पति भूषण ठाकरे की कहानी

Bhushan Thakre KBC: किसी के लिए एक करोड़ रुपये जीतना बहुत बड़ी बात हो सकती है, लेकिन महाराष्ट्र के जलगांव के रहने वाले भूषण ठाकरे के लिए यह सिर्फ पैसों की जीत नहीं है. यह उस परिवार के सालों के संघर्ष का नतीजा है जिसने बेटे की पढ़ाई के लिए अपने गहने तक बेच दिए. कभी भूषण मुंबई सिर्फ 24 रुपये लेकर पहुंचे थे. अब ‘कौन बनेगा करोड़पति’ यानी KBC के मंच से एक करोड़ रुपये जीतकर लौटे हैं.

KBC के 18वें सीजन को अपना पहला करोड़पति मिल गया है. भूषण ठाकरे ने अमिताभ बच्चन के सामने हॉट सीट पर बैठकर एक करोड़ रुपये जीत लिए हैं. अब सबकी नजर सात करोड़ रुपये के सवाल पर है. हालांकि, भूषण ने सात करोड़ के सवाल का जवाब देने के बजाय एक करोड़ रुपये लेकर खेल छोड़ने का फैसला किया.

बाद में उन्हें पता चला कि सात करोड़ रुपये के सवाल को लेकर उनका अंदाजा सही था. लेकिन उन्हें अपने फैसले पर कोई पछतावा नहीं है. उनका कहना है कि एक करोड़ रुपये की रकम उनके और उनके परिवार के लिए बहुत मायने रखती है. इससे उनकी जिंदगी बदल सकती है.

24 रुपये लेकर मुंबई पहुंचे थे भूषण

भूषण ठाकरे महाराष्ट्र के जलगांव जिले के बालवाड़ी गांव के रहने वाले हैं. उनका गांव करीब दो हजार की आबादी वाला है. जब KBC की टीम ने उन्हें फोन करके मुंबई बुलाया, तब उनकी जेब में सिर्फ 24 रुपये थे.

शो में आने-जाने और ठहरने का खर्च KBC की टीम उठाती है, इसलिए उन्हें मुंबई पहुंचने की चिंता नहीं थी. लेकिन उनके लिए यह सफर किसी सपने से कम नहीं था.

भूषण कहते हैं,

जब मैं मुंबई गया तो मेरी जेब में 24 रुपये थे और जब मैं मुंबई से आया तब मेरी जेब में एक करोड़ 24 रुपये थे.

मां ने बेटे की पढ़ाई के लिए गहने बेचे

भूषण के परिवार में चार लोग हैं. उनके माता-पिता, वह खुद और उनका छोटा भाई कुलदीप. परिवार की आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं थी. पिता मजदूरी करके घर चलाते थे. वह बचपन से ही मेहनत-मजदूरी कर रहे हैं. भूषण बताते हैं कि उनके पिता ने महज पांच साल की उम्र से काम करना शुरू कर दिया था.

मां भी लंबे समय से स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों से जूझ रही हैं. उनकी अब तक करीब आठ से नौ सर्जरी हो चुकी हैं. घर का खर्च, मां का इलाज और बच्चों की पढ़ाई, सबकी जिम्मेदारी पिता के कंधों पर थी.

भूषण बताते हैं कि उनकी मां घर के खर्च से थोड़ा-थोड़ा पैसा बचाकर सोना खरीदती थीं. कभी एक ग्राम, कभी दो ग्राम तो कभी तीन ग्राम. लेकिन जब भी भूषण को पढ़ाई के लिए पैसों की जरूरत पड़ती, मां अपने गहने बेच देती थीं. वह कहते हैं कि अब समय आ गया है कि मां ने उनके लिए जो कुछ किया, उसका कर्ज लौटाया जाए. वह भी ब्याज समेत.

2016 में पहली बार किया था KBC के लिए रजिस्ट्रेशन

भूषण ने साल 2016 में पहली बार KBC के लिए रजिस्ट्रेशन कराया था. तब से वह इस शो में आने का सपना देख रहे थे. करीब दस साल बाद उनका यह सपना पूरा हुआ.

भूषण ने 12वीं तक की पढ़ाई अपने गांव के सरकारी स्कूल से की. इसके बाद जलगांव के सरकारी संस्थान से आगे की पढ़ाई पूरी की. उन्होंने इतिहास में एमए किया है और फिलहाल राजनीति विज्ञान में एमए की पढ़ाई के साथ UPSC की तैयारी भी कर रहे हैं.

UPSE प्रिपरेशन करना चाहते हैं भूषण

उनका परिवार चाहता था कि वह पढ़-लिखकर कुछ बनें और मजदूरी की जिंदगी से बाहर निकलें. लेकिन आर्थिक तंगी के कारण पढ़ाई का सफर आसान नहीं रहा. कई बार पैसों की कमी के चलते पढ़ाई में रुकावट आई. भूषण को लगता था कि वह परिवार पर निर्भर होते जा रहे हैं. इसी वजह से उन्होंने घर से दूर रहकर अपनी तैयारी जारी रखने का फैसला किया.

ये भी पढ़ें- भगवा कुर्ता, सिर पर पगड़ी और रात के अंधेरे में नंगे पांव…अनंत अंबानी की ब्रज यात्रा, लगाई गोवर्धन परिक्रमा

भूषण कहते हैं कि अब वह अपने माता-पिता को मेहनत-मजदूरी नहीं करने देना चाहते. एक करोड़ रुपये जीतने के बाद उनकी पहली कोशिश परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने की होगी. इसके साथ ही वह अपनी UPSC की तैयारी भी जारी रखना चाहते हैं.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

UP Tourism