Lalgola Police Action
Lalgola Police Action: पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 8 संदिग्ध बांग्लादेशी नागरिकों को हिरासत में लिया है. गुप्त सूचना के आधार पर लालगोला थाना पुलिस ने पहाड़पुर इलाके में अभियान चलाकर इन सभी को पकड़ा. पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ बांग्लादेशी नागरिक अवैध रूप से भारतीय सीमा में प्रवेश कर इलाके में रह रहे हैं. इसके बाद पुलिस ने बिना देर किए कार्रवाई की और सभी आठ लोगों को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया. फिलहाल पुलिस इनके भारत में प्रवेश करने के रास्ते और अन्य संभावित संपर्कों की जांच कर रही है.
गुप्त सूचना पर पहाड़पुर में पुलिस का अभियान
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, लालगोला थाना क्षेत्र में कुछ संदिग्ध बांग्लादेशी नागरिकों के मौजूद होने की जानकारी मिली थी. सूचना मिलते ही लालगोला थाना पुलिस सक्रिय हुई और पहाड़पुर इलाके में तलाशी अभियान चलाया. इस दौरान पुलिस ने आठ लोगों को हिरासत में लिया. हिरासत में लिए गए लोगों की पहचान पियारुल इस्लाम (20), आतिक हुसैन (22), मोहम्मद अल मामोन अली (17), एनामुल हक (23), मोहम्मद आतिक हसन (20), मोहम्मद ममिनुल इस्लाम (29), मोहम्मद अब्दुल हाई (42) और मोहम्मद जसीम (21) के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार, ये सभी बांग्लादेश के अलग-अलग इलाकों, मुख्य रूप से राजशाही और मुंसिगंज के निवासी बताए जा रहे हैं.
पूछताछ में तमिलनाडु में काम करने की बात आई सामने
पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में हिरासत में लिए गए लोगों ने बताया कि वे काम के सिलसिले में तमिलनाडु गए थे. वहां काम पूरा करने के बाद अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान पहाड़पुर इलाके में पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया. हालांकि, पुलिस अभी उनके दावों की जांच कर रही है. सबसे अहम सवाल यह है कि वे भारत में किस रास्ते से दाखिल हुए थे और क्या उनके पास भारत में रहने तथा यात्रा करने से जुड़े वैध दस्तावेज मौजूद हैं.
लालगोला होल्डिंग सेंटर भेजे जा रहे सभी आठ लोग
पुलिस इस मामले को गंभीरता से लेते हुए सभी पहलुओं की जांच कर रही है. यह भी पता लगाया जा रहा है कि इन लोगों के साथ कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था या नहीं और सीमा पार कराने में किसी नेटवर्क की भूमिका तो नहीं है. फिलहाल हिरासत में लिए गए आठों लोगों को लालगोला थाने से लालगोला होल्डिंग सेंटर भेजा जा रहा है. आगे की कार्रवाई जांच और संबंधित दस्तावेजों के सत्यापन के आधार पर की जाएगी. इस कार्रवाई के बाद इलाके में पुलिस की सक्रियता बढ़ गई है.
भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




